कल होगा प्रदेश के पहले पर्यटन कॉरिडोर का भूमिपूजन, कवर्धा के भोरमदेव में बड़ा आयोजन
भोरमदेव पर्यटन कॉरिडोर परियोजना की पहल उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने की है. कार्यक्रम को लेकर सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : December 31, 2025 at 4:55 PM IST
कवर्धा: नववर्ष के पहले दिन छत्तीसगढ़ के पर्यटन विकास को नई दिशा देने वाली ऐतिहासिक पहल होने वाली है. प्रदेश के पहले भोरमदेव पर्यटन कॉरिडोर का भूमिपूजन किया जाएगा. लगभग 146 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली इस महत्वाकांक्षी परियोजना का भूमिपूजन केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे.
प्रमुख पर्यटन केंद्र है भोरमदेव: प्राचीन स्थापत्य कला और धार्मिक आस्था के लिए प्रसिद्ध भोरमदेव मंदिर परिसर छत्तीसगढ़ के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल है. पर्यटन कॉरिडोर के निर्माण से यहां आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को आधुनिक और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी. परियोजना के तहत सड़क चौड़ीकरण, सुव्यवस्थित पार्किंग, व्यू प्वाइंट, पर्यटक सुविधा केंद्र, सौंदर्यीकरण और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विकास किया जाएगा. इससे न केवल पर्यटकों की संख्या में वृद्धि होगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों को भी बल मिलेगा.

बनेंगे रोजगार के अवसर: भोरमदेव पर्यटन कॉरिडोर से क्षेत्र के युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे. राज्य सरकार का उद्देश्य छत्तीसगढ़ के प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों को आधुनिक सुविधाओं से जोड़कर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर मजबूत पहचान दिलाना है. भोरमदेव कॉरिडोर इसी दूरदर्शी सोच का परिणाम है, जो आने वाले वर्षों में कबीरधाम जिले की पहचान को और सुदृढ़ करेगा.
भूमिपूजन कार्यक्रम को लेकर मेला स्थल पर विशाल डोम का निर्माण कराया जा रहा है. सुरक्षा व्यवस्था के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है, वहीं श्रद्धालुओं और अतिथियों की सुविधा के लिए जगह-जगह पार्किंग की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है.- एडिशनल एसपी, अमित पटेल

भोरमदेव पर्यटन कॉरिडोर का भूमिपूजन न केवल नए साल की शुरुआत को यादगार बनाएगा, बल्कि छत्तीसगढ़ के पर्यटन इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में दर्ज होगा.

