उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के निर्देश पर भोरमदेव शक्कर कारखाना ने किसानों को किया 24.85 करोड़ रु का भुगतान
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के मार्गदर्शन में समय पर किसानों को भुगतान किया गया है. इससे किसानों में भी संतोष का माहौल है.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : December 26, 2025 at 8:22 PM IST
रायपुर: उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा के निर्देश पर भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना ने किसानों को 24.85 करोड़ रुपए का भुगतान किया है. शक्कर कारखाना कवर्धा की ओर से पेराई सत्र 2025-26 के तहत गन्ना किसानों को भुगतान किया जा चुका है. यह राशि किसानों के बैंक खातों में सीधे जमा की गई है.
FRP दर पर किया गया गन्ना मूल्य भुगतान: कारखाने की ओर से भारत सरकार की निर्धारित एफ.आर.पी. दर 329.05 रुपये प्रति क्विंटल के अनुसार गन्ना मूल्य का भुगतान किया जा रहा है. कलेक्टर गोपाल वर्मा के सतत मार्गदर्शन में यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि किसानों को समय पर भुगतान मिले.
समय पर भुगतान से किसानों में खुशी: समय पर गन्ना मूल्य मिलने से क्षेत्र के किसानों में खुशी और संतोष का माहौल है. इससे किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत हो रही है और उनमें कारखाने के प्रति भरोसा बढ़ा है.
अब तक की पेराई और शक्कर उत्पादन: भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना के प्रबंध संचालक श्री जी.एस. शर्मा ने बताया कि पेराई सत्र 2025-26 में अब तक 1 लाख 5 हजार 975 मीट्रिक टन गन्ने की पेराई हुई है. वहीं 1 लाख 9 हजार 565 क्विंटल शक्कर का उत्पादन किया जा चुका है. यह सफलता गन्ना उत्पादक किसानों के सहयोग और कारखाना प्रबंधन के बेहतर संचालन का परिणाम है.
किसानों की आर्थिक मजबूती में कारखाने की भूमिका: भोरमदेव शक्कर कारखाना क्षेत्र के गन्ना किसानों की सामाजिक और आर्थिक स्थिति को मजबूत करने में अहम भूमिका निभा रहा है.
किसानों से अपील: कारखाना प्रबंधन ने किसानों से अपील की है कि वे परिपक्व, साफ-सुथरा, बिना अगवा, बिना जड़ वाला गन्ना कारखाने में आपूर्ति करें. इससे शक्कर की रिकवरी बढ़ेगी और इसका सीधा लाभ किसानों को मिलेगा.

