भोपाल के जेपी हॉस्पिटल में युवती को गंभीर अवस्था में ले पहुंचा युवक, मौत हुई तो फरार
भोपाल में 23 साल की कॉलेज छात्रा की मौत पर संदेह गहराया. परिजनों ने एक युवक पर हत्या का शक जताया.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : January 8, 2026 at 6:51 PM IST
भोपाल : राजधानी भोपाल के चूनाभट्टी में रहने वाली 23 वर्षीय कॉलेज छात्रा का शव जेपी हॉस्पिटल में मिलने से हड़कंप मच गया. उसकी पहचान प्रिया के रूप में की गई. युवती की मौत को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं, क्योंकि मृतका के चेहरे, हाथ और पैरों पर गंभीर चोटों के निशान हैं. परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है. परिजनों का कहना है कि प्रिया को आखिरी बार एक युवक के साथ देखा गया था. उसी पर हत्या का शक है.
हॉस्पिटल में पुलिस को मृत मिली युवती
गंभीर हालत में एक युवक प्रिया को जेपी अस्पताल लेकर पहुंचा था. वह उसे हॉस्पिटल में छोड़कर भाग गया. इसके बाद अस्पताल प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी. युवती की मौत से चूनाभट्टी इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए हमीदिया अस्पताल भेज दिया.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद तस्वीर साफ होगी
चूनाभट्टी थाना प्रभारी धर्मेंद्र मौर्या ने बताया " मर्ग कायम कर लिया गया है. मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा. पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है." वहीं, मृतका के परिजनों ने एक युवक पर हत्या का आरोप लगाया है. परिजनों का कहना है कि वह युवक पिछले एक साल से परेशान कर रहा था.
युवती को अस्पताल ले जाने वाले युवक की तलाश
परिजनों के मुताबिक "प्रिया सुबह करीब 10 बजे घर से कॉलेज जाने के लिए निकली थी, लेकिन शाम तक उसकी मौत की खबर सामने आ गई. बड़ा सवाल यही है कि अगर यह सिर्फ हादसा था, तो वह युवक उसे अस्पताल में छोड़कर फरार क्यों हुआ." पुलिस भी इस बिंदु को भी गंभीरता से जांच रही है. पुलिस उस युवक की तलाश कर रही है.
- ऑमलेट से सुलझा महिला का ब्लाइंड मर्डर, सात शादियों के बाद नया बॉयफ्रेंड बना काल
- लड़की के साथ छेड़छाड़ कर रहे थे दबंग, युवक ने विरोध किया तो चाकू घोंपकर हत्या
होमवर्क नहीं करने पर स्कूल टीचर ने बच्ची का हाथ तोड़ा
सतना के एक प्राइवेट स्कूल में 6 वर्ष की मासूम बच्ची के साथ लेडी टीचर ने मारपीट की. इससे उसके हाथ में फ्रैक्चर हो गया. परिजनों ने सिविल लाइन थाने में मामला दर्ज कराया है. पतेरी पन्ना नाका स्थित एक निजी स्कूल पढ़ने वाली यूकेजी की छात्रा के साथ बेरहमी से लेडी टीचर ने मारपीट की. जब स्कूल से छुट्टी होने के बाद बच्ची घर पहुंची तो परिजनों को जानकारी लगी.
मासूम बच्ची ने अपने माता-पिता से होमवर्क ना पूरा होने पर लेडी टीचर द्वारा पिटाई करने की बात बताई. उसने कहा हाथ में दर्द हो रहा है. परिजनों ने बच्ची के हाथ में दवा लगा दी. दूसरे दिन बच्ची के हाथ में बहुत सूजन आ गई. परिजन बच्ची को जिला चिकित्सालय ले गए. एक्सरे रिपोर्ट में बच्ची के हाथ में फ्रैक्चर मिला.

