भोपाल में सेप्टिक टैंक में मौत का बक्सा, खोलने पर पुलिसकर्मियों की भी कांपी रूह
हत्या कर सेप्टिक टैंक में शव फेंकने की आशंका, बुरी तरह सड़कर फूल चुका था महिला का शव, देखकर कांपे लोग

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : February 12, 2026 at 10:46 PM IST
भोपाल: निशातपुरा थाना क्षेत्र के कमल नगर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां खुले मैदान में मौजूद सेप्टिक टैंक के अंदर बक्से में एक महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई. गुरुवार को स्थानीय लोगों ने सेप्टिक टैंक से भयानक बदबू आने की सूचना दी. जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंची और तभी एक स्टील की पेटी (बक्सा) नजर आई. जैसे ही बक्से को खोला गया था बुरी तरह फूल चुके शव को देख भीड़ भी घबरा हई. मौके पर पहुंचे निशातपुरा थाना प्रभारी मनोज पटवा ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया है.
बक्से में शव मिलने से मचा हड़कंप
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बक्से को जब्त कर लिया, जिसके बाद पंचनामा कराकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया. पुलिस के मुताबिक महिला का शव डीकंपोज हालत में बक्से के अंदर मिला. शव देखकर ही लग रहा था कि किसी ने महिला की हत्या कर शव फेंक दिया है.
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
गुरुवार को महिला की लाश मिलने के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है. एक्सपर्ट्स के मुताबिक महिला का शव तीन-चार दिन पुराना बताया जा रहा है और हत्या की आशंका जताई जा रही है. हालांकि, शव फूलने की वजह महिला की पहचान नहीं हो पाई है. पुलिस पिछले कुछ दिनों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है.
हत्या कर सेप्टिक टैंक में शव फेंकने की आशंका
एक स्थानीय निवासी की सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लिया. मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है. निशातपुरा थाना प्रभारी मनोज पटवा ने बताया, "खाली मैदान में बने सेप्टिक टैंक में एक बक्सा पानी में तैर रहा था. पुलिस मौके पर पहुंची और बक्से को बाहर निकालकर चेक किया, जिसमें एक महिला का शव मिला. शव पुराना होने के कारण डीकंपोज हो चुका है."
- सिवनी मालवा में पुलिया के नीचे मिले 3 शव, पास में पड़ी थी बाइक, घटना की जांच में जुटी पुलिस
- सिंगरौली में डबल मर्डर से सनसनी, जादू टोना का शक, शव के करीब मिला नारियल और कुल्हाड़ी
उन्होंने आगे बताया, "मृतका की शिनाख्त नहीं हो सकी है. आशंका है कि हत्या के बाद उसे बक्से में बंद कर फेंका गया है. सभी एंगल से जांच की जाएगी. आसपास रहने वालों से भी तस्दीक की जाएगी. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा होगा. फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है."

