ETV Bharat / state

VIP रोड पर युवकों की मस्ती, लहराती कार में स्टंट, सनरूफ खोल पी रहे शराब

भोपाल VIP रोड पर शनिवार तड़के कार से लड़कों का स्टंट, सनरूफ से बाहर निकल शराब पीते और स्टंट करते आए नजर, तलाश शुरू.

BHOPAL YOUTH STUNT WITH CAR
भोपाल वीआईपी रोड पर युवकों की मस्ती (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : July 5, 2026 at 5:40 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

भोपाल: राजधानी भोपाल की वीआईपी रोड पर चलती कार की सनरूफ से बाहर निकलकर शराब पीते और स्टंट करते युवकों का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से सर्कुलेट हो रहा है. वीडियो शनिवार तड़के करीब 4 बजे का बताया जा रहा है. इसमें तीन युवक कार की सनरूफ से बाहर निकलकर शराब पीते नजर आ रहे हैं, जबकि चालक तेज रफ्तार में लापरवाही से वाहन चलाता दिखाई दे रहा है. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने वाहन की तलाश तेज कर दी है.

भोपाल में लहराते हुए कार चलाने का वीडियो

भोपाल मे स्टंटबाज लगातार खुद को और दूसरों की जान को जोखिम में डाल रहे हैं. आए दिन भोपाल के कई जगहों पर स्टंट करते युवा आपको नजर आ जाएंगे. ऐसा ही एक वीडियो सोशल मीडिया मे तेजी से सर्कुलेट हो रहा है, जो वीआईपी रोड का बताया जा रहा है. वीडियो के अनुसार, कार वीआईपी रोड पर लहराते हुए दौड़ रही है. इस दौरान युवकों की हरकतों से सड़क पर मौजूद अन्य वाहन चालकों और राहगीरों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ गई. देर रात कम ट्रैफिक होने के बावजूद इस तरह का स्टंट किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता था.

भोपाल में चलती कार में स्टंट और शराब पीते युवक (ETV Bharat)

वीडियो के आधार पर युवकों की तलाश

वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है. पुलिस ने वीडियो के आधार पर कार और उसमें सवार युवकों की पहचान करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि वाहन और आरोपियों की पहचान की जा सके. पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने कहा कि "सार्वजनिक स्थान पर शराब पीना प्रतिबंधित है. यदि जांच में वीडियो सही पाया जाता है, तो संबंधित युवकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट सहित अन्य लागू कानूनी धाराओं के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी.

सड़क पर स्टंट और सार्वजनिक शराब पीना गैरकानूनी

उन्होंने कहा कि सड़क पर स्टंट और लापरवाही से वाहन चलाने वालों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है. ऐसे मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी." पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि सड़क पर इस तरह के खतरनाक स्टंट करने से बचें और यातायात नियमों का पालन करें, ताकि स्वयं के साथ-साथ दूसरों की जान भी सुरक्षित रह सके.