ETV Bharat / state

विहिप नेता साध्वी रंजना पर भोपाल में जानलेवा हमला, संगठन के कार्यकर्ताओं ने घेरा थाना, अतिरिक्त बल तैनात

विश्व हिंदू परिषद की नेता साध्वी रंजना दीदी के साथ अराजक तत्वों ने किया विवाद, रास्ता देने को लेकर युवकों से हुई थी कहा सुनी.

BHOPAL VHP LEADER ATTACKED
विहिप नेता साध्वी रंजना पर जानलेवा हमला (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : February 25, 2026 at 10:53 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

भोपाल: आरएसएस और विश्व हिंदू परिषद की नेता साध्वी रंजना दीदी पर कुछ अराजक तत्वों द्वारा जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है. घटना मिसरोद थाना क्षेत्र की है, जहां बताया जा रहा है कि गाड़ी आगे-पीछे करने को लेकर विवाद हुआ था. विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया, जिसके बाद उनकी गाड़ी में भी तोड़फोड़ की गई. हमले की खबर लगते ही हिंदू संगठन के लोग थाने पहुंचे और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की.

पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंच हालात को किया नियंत्रित

साध्वी रंजना दीदी अपनी कार से जा रही थी. इसी दौरान रास्ता देने को लेकर कुछ स्थानीय लोगों से कहासुनी हो गई. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और कुछ लोगों ने कथित रूप से साध्वी पर हमला कर दिया. आरोप है कि हमलावरों ने उनकी गाड़ी में तोड़फोड़ भी की, जिससे वाहन को नुकसान पहुंचा है. घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बन गई. जिसके बाद सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया.

BHOPAL DISPUTE WITH SADHVI RANJANA
हमलावरों ने तोड़े गाड़ी के कांच (ETV Bharat)

हिंदू संगठन के लोग कार्रवाई की मांग को लेकर पहुंचे थाने

साध्वी रंजना दीदी ने घटना को गंभीर बताते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है. घटना के विरोध में साध्वी रंजना दीदी स्वयं थाने पहुंचीं और हमला करने वालो लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की. साध्वी रंजना दीदी के साथ वीएचपी संगठन के कई नेता भी थाने पहुंचे. वहीं, घटना की सूचना मिलते ही अन्य हिंदू संगठन के लोग भी थाने पहुंच गए. जिसके बाद घटना के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. हालात की गंभीरता को देखते हुए मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल भी बुलाया गया.

VHP LEADER SADHVI RANJANA
हमलावरों ने गाड़ी को पहुंचाया नुकसान (ETV Bharat)

इस मामले को लेकर थाना प्रभारी रतन सिंह परिहार ने कहा, "मामले की जांच की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज व प्रत्यक्षदर्शियों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है. दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी."