ETV Bharat / state

चेकिंग के दौरान पुलिस ने ई-रिक्शा को रोका, कार्रवाई से घबराई महिला ने की आत्महत्या की कोशिश

भोपाल में वाहन चेकिंग के दौरान की घटना, चालानी कार्रवाई के विरोध में चालक की पत्नी ने की आत्महत्या की कोशिश.

Bhopal woman try to kill herself
चालान की कार्रवाई से घबराई महिला ने की आत्महत्या की कोशिश (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : February 26, 2026 at 8:51 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

भोपाल: वाहन चेकिंग के दौरान ई-रिक्शा चालक की पत्नी ने कार्रवाई के विरोध में आत्महत्या की कोशिश की. गुरुवार को पुलिस कंट्रोल रूम तिराहे पर चेकिंग के लिए 2 पुलिसकर्मियों ने एक ई-रिक्शा को रोक लिया, जिसके बाद ई-रिक्शा चालक से डॉक्यूमेंट की मांग की और सिग्नल तोड़ने का चालान करने लगे. इसके बाद ई-रिक्शा चालक और पुलिसकर्मियों के बीच विवाद हो गया, जिसके बाद चालक की पत्नी ने आत्महत्या का प्रयास किया.

चालान को लेकर हुआ था विवाद

ई-रिक्शा चालक राहुल ने बताया कि वह पत्नी के साथ पर्सनल काम से मार्केट जा रहा था. इसी बीच पुराना पुलिस कंट्रोल रूम तिराहा पर पुलिस ने उसके रिक्शा को रोक लिया. पुलिसकर्मियों ने चालक पर सिग्नल ब्रेक करने के आरोप में चालान की मांग की, जिसका विरोध किया तो डॉक्यूमेंट दिखाने की बात कहने लगे. इसका विरोध करने पर एक पुलिसकर्मी ने उससे झूमाझटकी की.

गुस्से में आकर आत्महत्या की कोशिश

विवाद बढ़ने के बाद पुलिसकर्मी ई-रिक्शा चालक को घसीटकर थाने ले जाने की बात कही, जिससे चालक की पत्नी घबरा गई. इसके बाद उसने आत्महत्या की कोशिश की. जब चालक की पत्नी को उल्टियां शुरू हुई, तो पुलिसकर्मी मौके से भाग गए और पुराने कंट्रोल रूम में घुस गए. चालक भी उनके पीछे-पीछे पुलिस कंट्रोल रूम तक पहुंच गया. इस बीच उसकी पत्नी ई-रिक्शा में ही तड़पती रही. बाद में अन्य पुलिसकर्मियों की समशाइश पर चालक अपनी पत्नी को उसी ई-रिक्शा से लेकर अस्पताल गया.

अस्पताल से रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई का आश्वासन

ई-रिक्शा चालक राहुल का आरोप है, "तमाम मिन्नतों के बाद भी पुलिसकर्मी मुझे परेशान कर रहे थे. मेरे पास चालान भरने के पैसे नहीं थे. पुलिस मुझे थाने ले जाने की बात करने लगी. जिससे घबरकर पत्नी ने आत्महत्या की कोशिश की है. यदि उसे कुछ भी होता है, तो पुलिसकर्मी ही जिम्मेदार होंगे." इस मामले को लेकर जहांगीराबाद थाने के उपनिरीक्षक अफसर खान ने कहा, "अभी तक कोई भी रिपोर्ट अस्पताल से नहीं आई है. जैसे ही रिपोर्ट आती है, उसके बाद महिला के बयान लेकर कार्रवाई करेंगे."