ट्विशा केस में हाई कोर्ट पहुंचेगी CBI, गिरिबाला सिंह को जमानत मिलेगी या नहीं! फैसला आज
CBI कर रही ट्विशा शर्मा केस की जांच, आज हाईकोर्ट में गिरिबाला सिंह की अग्रिम जमानत पर होगी सुनवाई. भोपाल से आबिद मुमताज की रिपोर्ट.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : May 27, 2026 at 7:45 AM IST
|Updated : May 27, 2026 at 10:32 AM IST
भोपाल/जबलपुर: भोपाल के हाई प्रोफाइल ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत का मामला तेज़ी से गर्माता जा रहा है. पीड़ित परिवार कि मांग पर राज्य सरकार ने जांच का जिम्मा सीबीआई के हाथों सौंप दिया है. सीबीआई ने पूरे मामले को टेक ओवर भी कर लिया है और जांच भी शुरू कर दी है. आज बुधवार 27 मई को उच्च न्यायलय में पूर्व न्यायाधीश और ट्विशा की सास गिरिबाला सिंह कि अंतरिम जमानत को चुनौती देते हुए सुनवाई है. पहले पुलिस ने जमानत को चुनौती दी थी लेकिन अब सीबीआई के पास पूरा केस पहुंच गया है तो हाई कोर्ट में सीबीआई कोर्ट के सामने अपना पक्ष रखेगी.
आज कोर्ट में अपना पक्ष रखेगी CBI
भोपाल के चर्चित ट्विशा सुसाइड केस में अब जांच पूरी तरह सीबीआई के हाथों में आ चुकी है. मामले की केस डायरी तैयार होने के बाद सीबीआई बुधवार को मध्य प्रदेश हाई कोर्ट में होने वाली सुनवाई में अपना पक्ष रखेगी. दरअसल, मामले में गिरिबाला सिंह को मिली अग्रिम जमानत के खिलाफ पहले से ही याचिका दायर है. पिछली सुनवाई के दौरान भोपाल पुलिस ने भी जमानत का विरोध किया था. अब जांच का जिम्मा सीबीआई को सौंपे जाने के बाद एजेंसी इस मामले में कोर्ट के सामने अपना पक्ष रखेगी और सूत्रों के मुताबिक अग्रिम जमानत को चुनौती भी दे सकती है.

गिरिबाला सिंह की जमानत पर फैसला
बताया जा रहा है कि, सीबीआई ने केस से जुड़ी तमाम दस्तावेजी प्रक्रिया और केस डायरी को व्यवस्थित कर लिया है. एजेंसी अब तक पुलिस द्वारा जुटाए गए साक्ष्यों, बयान और डिजिटल एविडेंस का परीक्षण कर रही है. इसी आधार पर हाई कोर्ट में विस्तृत जवाब पेश किया जा सकता है. बुधवार होने वाली सुनवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं, क्योंकि यह तय करेगा कि गिरिबाला सिंह को मिली राहत बरकरार रहेगी या जांच एजेंसी कोर्ट से जमानत निरस्त करने की मांग करेगी.
ट्विशा के परिवार ने लगाए गंभीर आरोप
12 मई को गिरिबाला सिंह की बहू और क्रिमिनल लॉयर समर्थ सिंह की पत्नी ट्विशा ने आत्महत्या कर ली थी. ट्विशा के परिजनों ने समर्थ सिंह और गिरिबाला पर कई गंभीर आरोप लगाए थे और पुरे मामले की सीबीआई जांच, सेंकण्ड पीएम कराने और गिरिबाला सिंह कि जमानत ख़ारिज करने कि मांग मुख्यमंत्री से की थी. मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवार को भरोसा दिया था कि पूरे मामले कि निष्पक्ष जांच करवाई जाएगी. हालांकि पुलिस ने विशेष टीम का गठन भी किया था लेकिन पीड़ित परिवार पुलिस कि जांच से संतुष्ट नहीं था. ट्विशा सुसाइड केस में कई प्रभावशाली लोगों के नाम सामने आने के बाद जांच एजेंसियां भी बेहद सतर्क नजर आ रही हैं.

- रिलीज होगी ट्विशा की आखिरी मूवी जिसकी एक्साइटेमेंट लिए दुनिया से हुईं विदा, शूटिंग की तस्वीरें
- CBI ने गिरिबाला के घर का कोना-कोना छाना, मां-बेटे से पूछताछ, ट्विशा के परिजनों का बयान दर्ज
- ट्विशा शर्मा डेथ केस में CBI की FIR में क्या-क्या? SIT ने समर्थ व गिरिबाला से की कड़ी पूछताछ
सबूतों से मैच नहीं खा रहे समर्थ के बयान
ट्विशा शर्मा डेथ केस में अब पति समर्थ सिंह की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं. मामले की जांच अब पूरी तरह केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) के हाथों में पहुंच चुकी है और एजेंसी ने अपनी पड़ताल भी शुरू कर दी है. सूत्रों के मुताबिक, SIT की पूछताछ के दौरान समर्थ सिंह द्वारा कई सवालों पर विरोधाभासी जवाब दिए गए, जिसके बाद जांच एजेंसियों को शक और गहरा गया है. बताया जा रहा है कि SIT ने घटना वाली रात की टाइमलाइन, अस्पताल ले जाने के समय, पुलिस को सूचना देने में हुई देरी और मोबाइल कॉल रिकॉर्ड को लेकर समर्थ सिंह से लगातार पूछताछ की थी.
जांच के दौरान कुछ जवाब पहले दिए गए बयानों से मेल नहीं खा रहे थे. इसी कारण अब जांच एजेंसियां यह मानकर चल रही हैं कि मामले में कई अहम तथ्य छुपाए गए हो सकते हैं. टीम ने बाग मुगलिया एक्सटेंशन स्थित घर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया. करीब आधे घंटे तक मौके का बारीकी से मुआयना किया गया और घटना के हर पहलू को समझने की कोशिश की गई.

मौत के बाद पुलिस को सूचना देने में देरी क्यों की?
सूत्रों के अनुसार, CBI अब इस बात की जांच कर रही है कि ट्विशा की मौत के बाद पुलिस को सूचना देने में इतनी देरी क्यों हुई. परिवार का आरोप है कि इसी दौरान सबूतों से छेड़छाड़ की कोशिश की गई. यही कारण है कि अब एजेंसी इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल साक्ष्यों पर विशेष फोकस कर रही है. CBI यह भी पता लगाने में जुटी है कि घटना वाली रात घर के अंदर क्या हुआ था.
तनाव में थी ट्विशा
ट्विशा द्वारा अपने परिवार को किए गए आखिरी फोन कॉल, व्हाट्सएप चैट और कॉल रिकॉर्ड की गहन जांच की जा रही है. जांच एजेंसी उन लोगों की भूमिका भी खंगाल रही है, जो घटना के बाद संपर्क में आए थे. मामले में दहेज प्रताड़ना और मानसिक उत्पीड़न के आरोप पहले ही सामने आ चुके हैं. FIR में यह उल्लेख है कि शादी के बाद ट्विशा को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था. परिवार ने आरोप लगाया है कि अतिरिक्त पैसों की मांग, चरित्र पर शक और मानसिक दबाव के कारण ट्विशा तनाव में थी.

