किन्नरों ने जमकर खेली होली, ढोलक की थाप पर किया नृत्य, दुकानदारों से लिया फाग
भोपाल में किन्नर समाज में होली की उमंग, आपसी मतभेद भुलाकर और मिल-जुलकर त्योहार मनाने का दिया संदेश.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : March 3, 2026 at 7:35 PM IST
रिपोर्ट: आबिद मुमताज
भोपाल: राजधानी भोपाल में होली की खास उमंग देखने को मिली. यहां शहर के विभिन्न इलाकों में किन्नर समाज ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ होली का त्योहार मनाया. फिल्मी और पारंपरिक गीतों की धुन सहित ढोलक की थाप पर किन्नरों ने जमकर नृत्य किया. इस दौरान सभी ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर खुशियां बांटीं.
दुकानदारों से किन्नरों ने लिया फाग
पूरे देश में होली का उत्सव मनाया जा रहा है. परंपरा के अनुसार किन्नर समाज ने होली के गीत गाकर नृत्य करते हुए होली मनाई. किन्नरों की गुरु सुरैया नायक ने बताया कि "होली का डंडा गड़ने के बाद वे अपने साथियों के साथ दुकानों पर जाती हैं. वहां गीत और नृत्य प्रस्तुत करती हैं. इस दौरान दुकानदार उन्हें फाग देते हैं." होली के इस आयोजन में समाज की गुरु सुरैया नायक के नेतृत्व में बड़ी संख्या में किन्नर समुदाय के लोग शामिल हुए. सभी ने एक-दूसरे को रंग लगाकर गले मिलकर पर्व की बधाई दी.
समाज में सकारात्मक संदेश देने की अपील
इस दौरान मिठाइयां बांटी गईं और सामाजिक एकता का संदेश भी दिया गया. सुरैया नायक ने प्रदेश और देशवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि "होली प्रेम, सौहार्द और भाईचारे का पर्व है. सभी से अपील है कि आपसी मतभेद भुलाकर और मिल-जुलकर त्योहार मनाएं. सभी लोग समाज में सकारात्मक संदेश फैलाएं."

- अब घरों में नहीं बनती होलिका दहन सामग्री, होली पर दो दिन का रोजगार मिला
- इंदौर राज परिवार ने निभाई 300 सालों की परंपरा, कुल देवता पूजने के बाद होली शुरु
प्रेम और एकता की पेश की मिसाल
इस अवसर पर किन्नर समाज ने यह भी संदेश दिया कि समाज के हर वर्ग को समान अधिकार और सम्मान मिलना चाहिए. रंगों के इस उत्सव के माध्यम से किन्नर समाज ने प्रेम और एकता की मिसाल पेश की. किन्नर देवी रानी ने कहा कि "होली का त्योहार सभी वर्गों को एक मंच पर लाता है." उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि "वे आपसी भाईचारा बनाए रखें और रंगों के इस पर्व को शांति और सद्भाव के साथ मनाएं."


