सरकार के दखल से नरम हुई शक्कर की तेजी, थोक में 58 तो फुटकर में 62 रुपए किलो तक पहुंचे भाव
भोपाल में घटे शक्कर के दाम, थोक भाव में आई गिरावट का लाभ ग्राहकों को मिलेगा. 8 रुपए कीमत हुई कम. विश्वास चतुर्वेदी की रिपोर्ट.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : August 29, 2026 at 9:52 PM IST
भोपाल: शक्कर के बढ़ते भाव से परेशान उपभोक्ताओं को फिलहाल मामूली राहत मिल गई है. भोपाल में शक्कर का फुटकर भाव करीब 8 रूपए किलो से घटकर 62 रुपए पर आ गया है, जबकि थोक बाजार में भाव 56 से 58 रुपए किलो चल रहा है. सरकार की ओर से स्टाक और आपूर्ति पर निगरानी बढ़ाए जाने के बाद बाजार में तेजी कमजोर हुई है. व्यापारियों का कहना है कि मासिक कोटा बढ़ने पर आने वाले दिनों में भाव और नरम हो सकते हैं.
थोक बाजार में आई नरमी का फुटकर पर भी असर
भोपाल किराना व्यापारी महासंघ के महामंत्री विवेक साहू के अनुसार, "लगातार तेजी के बाद अब शक्कर बाजार में नरमी का दौर शुरू हुआ है. थोक बाजार में भाव नीचे आने का सीधा असर फुटकर बाजार पर भी पड़ा है. कुछ समय पहले जहां ग्राहकों को शक्कर के लिए करीब 70 रुपए किलो तक खर्च करना पड़ रहा था, वहीं अब यही भाव घटकर करीब 62 रुपए किलो रह गया है. वहीं थोक में शक्कर 56 से 58 रुपए किलो के आसपास बिक रही है. "
मासिक कोटे से बढ़ेगी बाजार में आवक
व्यापारियों का कहना है कि सरकार की ओर से निर्धारित मासिक कोटा बाजार में आने के बाद शक्कर की उपलब्धता और बेहतर हो सकती है. पर्याप्त मात्रा में स्टाक पहुंचने से मांग और आपूर्ति के बीच संतुलन बनेगा. इससे कीमतों पर भी दबाव कम होने की उम्मीद है. कारोबारियों के मुताबिक कोटा समय पर जारी होता रहा और बाजार में पर्याप्त स्टाक बना रहा तो आने वाले दिनों में शक्कर के भाव में और नरमी आ सकती है.
त्योहारों में बढ़ेगी मांग, स्टाक पर रहेगी नजर
जन्माष्टमी, गणेश चतुर्थी, नवरात्रि और दीपावली जैसे त्योहार हैं. इस दौरान मिठाई, नमकीन और घरों में बनने वाले पकवानों की खपत बढ़ने से शक्कर की मांग भी बढ़ेगी. ऐसे में सरकार के सामने बाजार में पर्याप्त स्टाक बनाए रखने की चुनौती रहेगी. व्यापारियों का मानना है कि जमाखोरी पर निगरानी, स्टाक सीमा और नियमित कोटा जैसे कदम जारी रहे तो त्योहारों के दौरान मांग बढ़ने के बावजूद शक्कर के दाम में अनावश्यक उछाल रोकने में मदद मिल सकती है.
- शक्कर में महंगाई की कड़वाहट, 18 सालों बाद इतनी तेजी से बढ़े दाम, 5 प्वाइंट्स में समझें असली कहानी
- महंगाई का आसमान छूते शक्कर के दाम, 18 दिन में 18 रुपए बढ़े, त्योहारों की मिठास होगी कम?
70 रुपए से घटकर 62 रुपए किलो हुआ फुटकर भाव
विवेक साहू ने बताया, "सरकार के हस्तक्षेप से शक्कर की तेजी फिलहाल कमजोर हुई है. थोक भाव में आई गिरावट का लाभ ग्राहकों तक भी पहुंच रहा है." उन्होंने उम्मीद जताई कि त्योहारों से पहले यदि बाजार में पर्याप्त आपूर्ति बनी रही तो शक्कर के भाव नियंत्रण में रहेंगे और बढ़ी मांग के बावजूद आम उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त बोझ नहीं पड़ेगा.

