ETV Bharat / state

पदयात्रा से पहले क्या दिग्विजय करेंगे भूख हड़ताल! खंडेलवाल ने कहा ये उनका विषय

भोपाल में छात्रों की भूख हड़ताल, शिक्षक भर्ती सहित कई मांगों पर अनिश्चितकालीन अनशन. दिग्विजय सिंह ने नीलम पार्क पहुंचकर दिया समर्थन. रिपोर्ट शिफाली पांडे.

Bhopal Neelam Park hunger strike
विद्यार्थियों के समर्थन में धरना स्थल पहुंचे दिग्विजय सिंह (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : August 26, 2026 at 9:01 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

भोपाल: मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह 20 अक्टूबर को दशहरे से अयोध्या की पदयात्रा पर निकलेंगे, उम्मीद है कि वे पदयात्रा पर निकलने से पहले भूख हड़ताल पर बैठ सकते हैं. क्योंकि भोपाल के नीलम पार्क में शिक्षक भर्ती की मांग को लेकर अभ्यर्थियों का प्रदर्शन जारी है. जहां बुधवार को दिग्विजय सिंह अपना समर्थन देने पहुंचे. इस दौरान उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए भूख हड़ताल पर बैठने की चेतावनी दी.

भूख हड़ताल पर बैठने की चेतावनी

दिग्विजय ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि अगर सरकार छात्रों की मांगों का समाधान नहीं करती है तो शिक्षक दिवस (5 सिंतबर) से 24 घंटे की भूख हड़ताल पर बैठेंगे. इस पर पलटवार करते हुए बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि प्रदेश की मोहन सरकार शिक्षक वर्ग की चिंता कर रही है. कांग्रेस के नेता राजनीति के लिए क्या कहते हैं ये उनका विषय है.

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल का कांग्रेस नेताओं पर पलटवार (ETV Bharat)

अभ्यर्थियों की मांग पर विचार करने की अपील

पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह बुधवार को भोपाल के नीलम पार्क में शिक्षक भर्ती सहित अन्य मांगों को लेकर धरने पर बैठे अभ्यर्थियों से मिलने पहुंचे थे. यहां उन्होंने प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों की मांगों को सुना और फिर कहा कि वे जो मांग कर रहे हैं वह स्वीकारी जानी चाहिए. सरकार को उनकी परेशानियों का जल्द रास्ता निकालना चाहिए.

Bhopal teacher recruitment protest
शिक्षक दिवस पर 24 घंटे भूख हड़ताल की चेतावनी (ETV Bharat)

नए सिलेबस से परीक्षा देना संभव नहीं

दिग्विजय सिंह ने सरकार को अल्टीमेटम देते हुए कहा कि "अगर जल्दी छात्रों की मांगों पर सुनवाई नहीं हुई तो वे खुद इन अभ्यर्थियों के साथ 24 घंटे की भूख हड़ताल पर बैठेंगे. पाठ्यक्रम में बदलाव कर दिया गया है. अब जिन्होंने कई बरसों तक पुराने सिलेबस के हिसाब से अध्यापन किया है. वे अब नए सिलेबस के मुताबिक परीक्षा कैसे दे सकेंगे. मैंने अपनी सरकार में शिक्षकों की भर्ती का अधिकार स्थानीय स्तर पर दे दिया था, ताकि ग्रामीण नौजवानों को रोजगार मिल सके."

congress leader Digvijay Singh
विद्यार्थियों ने दिग्विजय को बांधा रांखी (ETV Bharat)

कांग्रेस नेता जो करें, ये उनका विषय

दिग्विजय सिंह की भूख हड़ताल की चेतावनी पर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने भी अपनी राय व्यक्त की है. बीजेपी मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि "मोहन सरकार लगातार शिक्षकों के साथ समाज के अन्य बाकी वर्गों के हित में काम कर रही है. मोहन सरकार हर वर्ग की समस्याओं को दूर करने में जुटी हुई है. कांग्रेस के नेता राजनीति के लिए क्या करते हैं और क्या कहते हैं ये उनका विषय है."

bhopal students demand teacher recruitment
भूख हड़ताल पर बैठने की चेतावनी (ETV Bharat)

भोपाल के नीलम पार्क में अभ्यर्थियों का अनिश्चितकालीन धरना चल रहा है. छात्रों की मांग है कि शिक्षक भर्ती 2025 में पदों की संख्या बढ़ाई जाए और स्कूलों में जितने पद खाली हैं उन्हें भी भरा जाए. इसी मांग को लेकर प्रदर्शनकारी भूख हड़ताल पर बैठे हैं.