सरकार युवाओं को नौकरी देने के बजाय उन्हें कांवड़ यात्रा में ले जाना चाहती, दिग्विजय सिंह का तंज
दिग्विजय सिंह का तीखा हमला, सरकार युवाओं को नौकरी देने के बजाय उन्हें कांवड़ यात्रा जैसे आयोजनों में ले जाना चाहती. रिपोर्ट विश्वास चतुर्वेदी.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : August 26, 2026 at 10:23 PM IST
भोपाल: राजधानी भोपाल के नीलम पार्क में वर्ग-1 शिक्षक भर्ती 2023 में पदवृद्धि और दूसरी काउंसलिंग की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन जारी है. आंदोलन में बुधवार सुबह पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह पहुंचे. जहां उन्होंने अभ्यर्थियों की मांग का समर्थन करते हुए सरकार पर निशाना साधा. इस दौरान उन्होंने कांवड़ यात्रा को लेकर भी सरकार पर तीखी टिप्पणी की. दिग्विजय सिंह ने कहा कि सरकार युवाओं को नौकरी देने के बजाय उन्हें कांवड़ यात्रा जैसे आयोजनों में ले जाना चाहती है. युवाओं को नौकरी मिल गई तो इनके साथ कांवड़ यात्रा में कौन जाएगा.
भूख हड़ताल की चेतावनी
दिग्विजय सिंह ने आंदोलन कर रहे शिक्षक अभ्यर्थियों से कहा कि अगर 5 सितंबर यानी शिक्षक दिवस तक उनकी मांग पर सरकार ने निर्णय नहीं लिया तो वह खुद 24 घंटे की भूख हड़ताल पर बैठेंगे. पूर्व मुख्यमंत्री का समर्थन मिलते ही धरनास्थल पर मौजूद अभ्यर्थियों ने जोरदार नारे लगाते हुए तालियां बजाईं.
पदवृद्धि और दूसरी काउंसलिंग की मांग
बीते कई दिनों से छात्रा भोपाल के नीलम पार्क में आंदोलन कर रहे हैं. छात्रों की मांग है कि वर्ग-1 उच्च माध्यमिक शिक्षक भर्ती 2023 के रिक्त पदों में पदवृद्धि और दूसरी काउंसलिंग किया जाए. इस आंदोलन में महिला अभ्यर्थी कीर्ति झा भूख हड़ताल पर बैठी हैं. अभ्यर्थियों का कहना है कि रिक्त पदों की संख्या बढ़ाकर दूसरी काउंसलिंग कराई जाए, ताकि अधिक अभ्यर्थियों को नियुक्ति का अवसर मिल सके.

शिक्षा और रोजगार पर भी सरकार को घेरा
दिग्विजय सिंह ने कहा, "देश में शिक्षा का स्तर उच्च होना चाहिए और युवाओं को रोजगार मिलना चाहिए. भाजपा सरकार युवाओं को रोजगार देने के बजाय दूसरे मुद्दों पर ध्यान लगा रही है. उन्होंने शिक्षक भर्ती में पदवृद्धि नहीं होने और लंबित मांगों को लेकर सरकार से तत्काल निर्णय लेने की मांग की."
- हाईली एजुकेटेड वकील साहब बने गए संत भोजपाली बाबा, अयोध्या से नर्मदा तक जिंदगी बनी पहेली
- जीवाजी यूनिवर्सिटी के सैकड़ों छात्र फेल, अधिकतर को मिला शून्य अंक, 50% सप्लीमेंट्री रिजल्ट
रक्षाबंधन पर मुख्यमंत्री के नाम बनाई राखी
आंदोलनरत महिला अभ्यर्थियों ने रक्षाबंधन के मौके पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के लिए राखी भी तैयार की है. उनका कहना है कि राखी के जरिए वे मुख्यमंत्री तक अपनी मांग और उम्मीद पहुंचाना चाहती हैं.

