ETV Bharat / state

शिवराज सिंह की दरियादिली, काफिला रुकवाकर घायल के पास पहुंचे, अपनी कार से भेजा अस्पताल

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 'नर सेवा ही नारायण सेवा' को किया चरितार्थ, सड़क पर घायल युवक को पहुंचाया अस्पताल, दरियादिली का वीडियो वायरल.

shivraj singh helped injured man
शिवराज सिंह चौहान की दरियादिली (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : February 27, 2026 at 3:09 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

भोपाल: राजधानी भोपाल की सड़कों पर बुधवार सुबह एक ऐसा दृश्य देखने को मिला, जिसके बाद राजनीति से ज्यादा इंसानियत की चर्चा छिड़ गई. यह मामला केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के अपना काफिला रुकवाकर सड़क हादसे में घायल युवक को खुद अस्पताल भिजवाने से जुड़ा है. इस घटना का वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया पर उनकी संवेदनशीलता की जमकर तारीफ हो रही है.

श्यामला हिल्स के पास रुका काफिला
जानकारी के अनुसार, केंद्रीय मंत्री का काफिला श्यामला हिल्स क्षेत्र से गुजर रहा था. किलोल पार्क के पास सड़क किनारे एक व्यक्ति घायल अवस्था में दिखाई दिया. यह देखते ही शिवराज सिंह चौहान ने तत्काल काफिला रुकवाया और स्वयं वाहन से उतरकर घायल के पास पहुंचे. उन्होंने आसपास मौजूद लोगों से तुरंत अस्पताल ले जाने को कहा. इतना ही नहीं, मंत्री ने घायल युवक को खुद सहारा देकर उठाया और अपने ही काफिले की गाड़ी से अस्पताल भिजवाया. जाते समय उन्होंने घायल से कहा कि तुम अस्पताल जाओ, हम फोन करवा रहे हैं.

शिवराज सिंह चौहान ने घायल को अपनी कार से अस्पताल भेजा (ETV Bharat)

एक्स पर लिखा, नर सेवा ही नारायण सेवा
इस घटना के बाद शिवराज सिंह चौहान ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा, ''नर सेवा ही नारायण सेवा.'' उन्होंने कहा कि, ''मानवीय संवेदना ही सच्चे नेतृत्व की पहचान है. ग्वालियर के लिए रवाना होते समय रास्ते में घायल युवक को देखकर उन्होंने तत्काल मदद सुनिश्चित की.''

वीडियो वायरल , सोशल मीडिया पर सराहना
घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई. समर्थकों और आम नागरिकों ने केंद्रीय मंत्री की संवेदनशीलता और तत्परता की सराहना की. कई लोगों ने इसे जनप्रतिनिधि के कर्तव्य और मानवीय मूल्यों का उदाहरण बताया. बताया जा रहा है कि मंत्री अपने आवास से एयरपोर्ट जा रहे थे, तभी उनके सामने यह घटना दिखी. जिसके बाद केंद्रीय मंत्री ने प्रोटोकॉल से ऊपर उठकर घायल को मदद पहुंचाई.

पहले भी दिखा चुके हैं संवेदनशीलता
यह पहला मौका नहीं है जब शिवराज सिंह चौहान ने इस तरह मानवीय पहल की हो. जुलाई 2025 में भी भोपाल के अवधपुरी इलाके में एक कार्यक्रम में जाते समय चेतक ब्रिज पर हादसे में घायल युवक की उन्होंने मदद की थी. उस समय भी उन्होंने काफिला रुकवाकर घायल को अस्पताल पहुंचाया और उपचार की व्यवस्था कराई थी.