ETV Bharat / state

भोपाल में बच्चों से भरी स्कूल वैन को बदमाशों ने घेरा, ड्राइवर पर तलवार-चाकू से हमला

भोपाल के कोलार में स्कूल वैन पर हमला, नकाबपोश बदमाशों ने बच्चों से भरी वैन रोकी, पुलिस ने 3 आरोपियों को हिरासत में लिया.

BHOPAL SCHOOL VAN DRIVER ATTACKED
बच्चों से भरी स्कूल वैन को बदमाशों ने घेरा (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : June 27, 2026 at 9:34 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

भोपाल: राजधानी के कोलार थाना क्षेत्र स्थित ओम नगर में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब स्कूल के बच्चों को घर छोड़ने जा रही एक स्कूल वैन को बीच रास्ते रोककर बदमाशों ने चालक पर हमला कर दिया. घटना के दौरान वैन में स्कूली बच्चे भी सवार थे, जो अचानक हुए हमले से सहम गए. हमले में चालक अयाज खान घायल हो गया, जिसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया. वहीं, पुलिस ने इस मामले में 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.

नकाबपोश बदमाशों ने स्कूली वैन को घेर लिया

भोपाल के कोलार थाना इलाके के ओम नगर में 3 नकाबपोश बदमाशों ने एक स्कूल वैन को घेर लिया और ड्राइवर पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. इस हमले में ड्राइवर आयाज खान के हाथ में गंभीर चोट आई है. घायल चालक अयाज खान, बैरागढ़ चीचली का रहने वाला है. जिसका आरोपियों के साथ लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है. इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने पहले स्कूल वैन को घेरा और फिर चालक पर तलवार और चाकू जैसे धारदार हथियारों से हमला कर दिया.

ड्राइवर पर धारदार हथियार से किया हमला (ETV Bharat)

पुलिस ने 3 आरोपियों को हिरासत में लिया

घटना के दौरान वैन में मौजूद बच्चे डर गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई. घटना के बाद सूचना मिलते ही कोलार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल चालक को इलाज के लिए अस्पताल भेजा. इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 3 आरोपियों को हिरासत में ले लिया है.

घटना की जांच में जुटी पुलिस

एसीपी आलोक श्रीवास्तव ने बताया, "प्रथम दृष्टया जांच में सामने आया है कि पीड़ित और आरोपियों के बीच काफी समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था. इसी विवाद के चलते हमला किया गया. पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है. तीनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और मामले की जांच जारी है."