ETV Bharat / state

भोपाल में राहुल खड़गे, भारत अमेरिका ट्रेड डील के खिलाफ किसान महाचौपाल, जाम से बचने के देखें रास्ते

भारत अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में भोपाल में कांग्रेस की किसान महाचौपाल, राजधानी में ट्रैफिक से बचने के लिए इन रास्तों का करें प्रयोग.

Bhopal CONGRESS KISAN MAHA CHAUPAL
भोपाल में राहुल खड़गे (Source: IANS)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : February 24, 2026 at 10:49 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

भोपाल: भारत-अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में कांग्रेस अपने देशव्यापी आंदोलन की शुरुआत मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से कर रही है. मध्य प्रदेश कांग्रेस के आह्वान पर मंगलवार को जवाहर चौक स्थित अटल पथ पर किसान महाचौपाल का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शामिल होंगे. दोनों नेता दोपहर 1 बजे भोपाल पहुंचेंगे और 2 बजे सम्मेलन को संबोधित करेंगे.

दोनों नेता भोपाल में रहेंगे साढ़े 4 घंटे

वरिष्ठ पत्रकार अजय द्विवेदी का कहना है कि "कांग्रेस इस महाचौपाल के जरिए केंद्र सरकार की भारत-अमेरिका ट्रेड डील को किसानों के लिए नुकसानदेह बताते हुए बड़ा राजनीतिक संदेश देना चाहती है. प्रदेश कांग्रेस संगठन पिछले कई दिनों से कार्यक्रम को सफल बनाने की तैयारियों में जुटा है. पार्टी के अनुसार प्रदेशभर से हजारों किसान और कार्यकर्ता महाचौपाल में भाग लेने भोपाल पहुंचेंगे. वहीं इस कार्यक्रम के बाद दोनों नेता शाम 5.30 बजे भोपाल से नई दिल्ली रवाना हो जाएंगे."

Rahul Kharge to attend Bhopal Kisan Maha chaupal
भोपाल में कांग्रेस की किसान महाचौपाल (ETV Bharat)

प्रदेशभर से जुटेंगे हजारों किसान

किसान महाचौपाल को कांग्रेस ग्रामीण और कृषि मुद्दों पर निर्णायक मंच के रूप में प्रस्तुत करना चाहती है. सबसे खास बात यह है कि इस समय मध्य प्रदेश विधानसभा का भी बजट सत्र चल रहा है. कांग्रेस प्रवक्ता अभिनव बरौलिया ने बताया कि "ट्रेड डील का असर कृषि उत्पादों के दाम, मंडी व्यवस्था और ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर पड़ सकता है. इसी मुद्दे को लेकर भोपाल से राष्ट्रीय स्तर पर आंदोलन की शुरुआत की जा रही है. इसमें शामिल होने के लिए दो राष्ट्रीय स्तर के नेता भोपाल पहुंच रहे हैं."

ट्रैफिक डायवर्सन रहेगा लागू

महाचौपाल को देखते हुए राजधानी में व्यापक ट्रैफिक डायवर्सन लागू किया गया है. यह कार्यक्रम सुबह 10 बजे से प्रस्तावित है. इसमें करीब 200 विशिष्ट अतिथियों के वाहन रंगमहल चौराहा, यादव मेडिकल तिराहा, काटजू तिराहा होते हुए राजस्थान स्वीट्स तिराहे के आगे ड्रॉप किए जाएंगे. इन वाहनों की पार्किंग मॉडल स्कूल के पास की गई है.

इंदौर, उज्जैन, आष्टा और सीहोर से आने वाले वाहन सीहोर बायपास, बिल्किसगंज, रातीबड़, भदभदा होते हुए लाड़ली लक्ष्मी पार्क (अटल पथ) पर पार्क किए जाएंगे. नर्मदापुरम मार्ग से आने वाले वाहन आरआरएल ओवरब्रिज, कमलापति स्टेशन, मानसरोवर, लिंक रोड-2, माता मंदिर और प्लेटिनम प्लाजा होकर अटल पथ पहुंचेंगे.

ये भी पढ़ें:

रायसेन और सागर रोड से आने वाले वाहन पटेल नगर, आईटीआई तिराहा, प्रभात, सुभाष ओवरब्रिज, बोर्ड ऑफिस, लिंक रोड-1 और एपेक्स तिराहा मार्ग से टीटी नगर स्टेडियम के पास पार्क किए जाएंगे. राजगढ़, गुना, शिवपुरी, ग्वालियर और विदिशा से आने वाले वाहन मुबारकपुर, गांधीनगर, वीआईपी रोड और रेतघाट होते हुए टीटी नगर मैदान में खड़े किए जाएंगे.

एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों के लिए सलाह

जवाहर चौक पर सामान्य यातायात के लिए डायवर्सन रहेगा. आम नागरिकों से वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील की गई है. एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को पुलिस कंट्रोल रूम, पीएचक्यू, लिली टॉकीज, तलैया, भारत टॉकीज, हमीदिया रोड, रॉयल मार्केट और लालघाटी मार्ग से जाने की सलाह दी गई है.