मध्य प्रदेश PWD का लोकपथ एप बड़े काम का, सफर के दौरान सारी जानकारियां एक क्लिक में
मध्य प्रदेश पीडब्लूडी का लोकपथ एप 2.0 वाहनचालकों को रोड पर सफर के दौरान पेट्रोल पंप, अस्पताल, पुलिस स्टेशन जैसी अहम जानकारियां देगा.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : January 10, 2026 at 4:26 PM IST
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को लोक निर्माण विभाग के लोकपथ एप 2.0 का लोकार्पण किया. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा "भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है. शहरों का विकास हो रहा है और ऐसे में पीडब्ल्यूडी की भूमिका बेहद अहम है. सही सोच, तकनीक और निर्णय से निर्माण कार्यों के जरिए जनता के जीवन में बड़ा बदलाव लाया जा सकता है. इसी सोच के तहत लोकपथ एप 2.0 और कैपेसिटी बिल्डिंग जैसे कदम उठाए गए हैं."
मुख्यमंत्री ने की पीडब्लूडी इंजीनियर्स की तारीफ
राजधानी के रविंद्र भवन सभागार में आयोजित पीडब्ल्यूडी की कार्यशाला में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा "पहले भी संसाधन और तकनीक मौजूद थी, लेकिन उनका सही उपयोग नहीं हो पा रहा था. एक समय ऐसा था जब किसी विभाग को अपशब्द कहने की बात आती थी तो सबसे पहले पीडब्ल्यूडी का नाम लिया जाता था, ऐसा सुनने के बाद मुझे बड़ी पीड़ा होती थी. लेकिन अब पीडब्लूडी के इंजीनियर्स भी कमाल का काम कर रहे हैं."

लोकपथ एप 2.0 में मिलेंगी ये सुविधाएं
लोकपथ एप 2.0 की विशेषताओं के बारे में लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने कहा "पहले संस्करण में केवल पीडब्ल्यूडी की सड़कों की जानकारी और मरम्मत से जुड़ी व्यवस्था थी, लेकिन अब लोकपथ 2.0 मार्ग में आने वाली बाधाओं, सुविधाओं और सुरक्षा से जुड़ी पूरी जानकारी देगा. एप के जरिए पेट्रोल पंप, अस्पताल, पुलिस स्टेशन, पंचर दुकान, ब्लैक स्पॉट, स्पीड कंट्रोल जोन और आपात सेवाओं की जानकारी यात्रियों को पहले से मिल सकेगी."

एरियल डिस्टेंस से कम होगी रास्ते की दूरी
राकेश सिंह ने कहा "मध्य प्रदेश में इंजीनियर्स की क्षमता वृद्धि पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है. देश में मध्य प्रदेश पहली बार एरियल डिस्टेंस के आधार पर नई सड़कों के निर्माण की पहल कर रहा है. ऐसी सड़कों की पहचान की गई है, इन रास्तों पर अब एरियल डिस्टेंस के आधार पर सड़कें बनाई जाएंगी, जिनसे रास्ते की दूरी कम होगी, समय की बचत होगी और ईंधन भी कम खर्च होगा."
मध्यप्रदेश लोक निर्माण विभाग नई तकनीक और समयबद्ध कार्यप्रणाली के साथ अधोसंरचना विकास को नई गति दे रहा है...
— Dr Mohan Yadav (@DrMohanYadav51) January 10, 2026
आज रवीन्द्र भवन, भोपाल में विभाग की राज्य स्तरीय क्षमता निर्माण कार्यशाला का शुभारंभ किया।
हमारे इंजीनियरों की दक्षता और समर्पण से ही हम आदरणीय प्रधानमंत्री श्री… pic.twitter.com/r4Zl3ZlYe8
पीडब्लूडी में बनेगा लोक कल्याण सूचकांक
पीडब्ल्यूडी के इंजीनियरों को प्रशिक्षण देने आए मास्टर ट्रेनर डॉ. विक्रांत तोमर ने बताया "प्रधानमंत्री के रिफॉर्म, ट्रांसफॉर्म और परफॉर्म मंत्र को आधार बनाकर विभाग की चुनौतियों की वैज्ञानिक पहचान की गई है. हजारों लोगों के डाटा के विश्लेषण से कार्य गुणवत्ता, कार्य कुशलता, क्षमता निर्माण, निष्पक्षता, जवाबदेही और नवाचार पर आधारित कैपेसिटी बिल्डिंग फ्रेमवर्क तैयार किया गया है. इसी आधार पर देश में पहली बार लोक कल्याण सूचकांक प्रस्तावित किया गया है, जिसे 5 सेकंड में समझने योग्य डैशबोर्ड पर देखा जा सकेगा."
- मध्य प्रदेश में सड़कों की भूलभुलैया होगी खत्म, सरकारी एप बताएगा रास्ता
- गड्ढों वाली कमर तोड़ सड़कें दिखते ही ये ऐप खोलें, तुरंत होगी कार्रवाई
कैपेसिटी बिल्डिंग को विभाग ने माना चुनौती
लोक निर्माण विभाग के प्रमुख सचिव सुखबीर सिंह ने कहा "अभियंताओं की कैपेसिटी बिल्डिंग को विभाग ने एक बड़ी चुनौती के रूप में लिया है. सामाजिक, कृषि और आर्थिक क्षेत्रों के बीच संतुलन बनाकर औद्योगिक विकास, निवेश और आधारभूत संरचना को मजबूत किया जा रहा है. मुख्यमंत्री की त्वरित निर्णय क्षमता का उदाहरण अटल एक्सप्रेस-वे है, जो वर्षों से अटका था लेकिन कुछ ही दिनों में आगे बढ़ा."

