ETV Bharat / state

हिंदुस्तान के दिल मध्य प्रदेश के टूरिस्ट स्पॉट तक झालमुड़ी, मंत्री बोले क्रेज है तो काउंटर लगाएंगे

पश्चिम बंगाल से निकल कर मध्य प्रदेश पहुंची झालमुड़ी, पर्यटन केंद्रों पर पॉपुलर स्ट्रीट फूड झालमुड़ी का खास स्टॉल लगाने की तैयारी.

BENGAL FAMOUS JHALMURI
हिंदुस्तान के दिल मध्यप्रदेश के टूरिस्ट स्पॉट तक झालमुड़ी (gettyimage)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : May 6, 2026 at 8:41 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

भोपाल: पश्चिम बंगाल के चुनाव में मिली जीत के बाद जलेबी नहीं, बल्कि देश भर में भाजपा झालमुड़ी के साथ जीत का जश्न मना रही है. झारग्राम में प्रधानमंत्री का झालमुड़ी संवाद पश्चिम बंगाल में बीजेपी के लिए जीत की पटकथा बन गया. बंगाल चुनाव से पॉपुलर हुई झालमुड़ी अब पश्चिम बंगाल से एक हजार 229 किलोमीटर दूर मध्य प्रदेश के फूड पाइंट्स पर भी दिखाई देगी. मध्य प्रदेश के पर्यटन मंत्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी अब मध्य प्रदेश के पर्यटन केंद्रों पर बंगाल के पॉपुलर स्ट्रीट फूड झालमुड़ी का खास स्टॉल लगाने की तैयारी कर रहे हैं.

हिंदुस्तानियों के दिल में झालमुड़ी की एंट्री

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के साथ चर्चा में आई झालमुड़ी चुनाव परिणाम के दिन तक मध्य प्रदेश बीजेपी मुख्यालय के जश्न का हिस्सा बन चुकी थी. लड्डू, जलेबी और इमरती के बजाए डिब्बा भर-भर के झालमुड़ी कार्यकर्ताओं में बांटी गई. झालमुड़ी बंगाल की गलियों से बीजेपी की बैठकों तक पहुंची और अब झालमुड़ी पर सरकार भी निर्णय लेने की तैयारी में है.

मध्य प्रदेश के पर्यटन केंद्रों पर लगाया जाएगा झालमुड़ी का स्टॉल (ETV Bharat)

प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के खाने पर बढ़ा झालमुड़ी का क्रेज

मध्य प्रदेश के पर्यटन मंत्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी ने कहा, "प्रदेश के पर्यटन केंद्रों पर पश्चिम बंगाल की मशहूर झालमुड़ी को भी शामिल किया जाएगा. जहां-जहां भी मध्य प्रदेश पर्यटन विभाग के सेंटर हैं वहां पर भोजन और स्वल्पहार की व्यवस्थाओं के मैन्यू में अब झालमुड़ी को भी रखा जाएगा. जल्द ये फैसला लिया जाएगा. प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के झालमुड़ी खाने पर उसका क्रेज बन गया है इसलिए टूरिस्ट सेंटर पर हम झालमुड़ी की व्यवस्था करेंगे."

मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश

पश्चिम बंगाल के चुनाव के बाद झालमुड़ी सियासी स्नैक्स बन गया है. जिस पर सियासत में चटखारे भी खूब लिए जा रहे हैं. सियासत में हुई स्वाद की एंट्री पर कांग्रेस सवाल कर रही है. कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक ने पर्यटन मंत्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी के मध्य प्रदेश पर्यटन विभाग के पाइंट्स पर झालमुड़ी की स्टाल के फैसले पर कहा, "ये मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश है. अब सरकार को झालमुड़ी ही नहीं समोसे, आलुबड़े, पानी-पूरी, आलू चाट और आलू टिकिया की भी दुकान खोल लेनी चाहिए. क्योंकि टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए जो बजट चाहिए, उतना तो सरकार के पास नहीं है. इसलिए वे झालमुड़ी ही बेच पाएंगे."

TOURIST CENTRES JHALMURI STALLS
हिंदुस्तानियों के दिल में झालमुड़ी की एंट्री (ETV Bharat)

झारग्राम से शुरु हुई झालमुड़ी की यात्रा में टर्निंग पाइंट नतीजे का दिन था. पूरे बंगाल चुनाव में चर्चित रही झालमुड़ी नतीजे के दिन फिर चर्चा में आ गई. दिल्ली में बीजेपी मुख्यालय से लेकर मध्य प्रदेश में बीजेपी मुख्यालय तक जीत के जश्न का खास फीचर झालमुड़ी रही. अब मध्य प्रदेश के मंत्री धर्मेन्द्र लोधी झालमुड़ी की सियासत में नया स्वाद लाए हैं और इसे आम लोगों तक एमपीटी के काउंटर तक पहुंचाने की तैयारी में हैं.