भोपाल की पीपुल्स यूनिवर्सिटी पहुंचा बम निरोधी दस्ता, चप्पे-चप्पे की सर्चिंग
भोपाल की पीपुल्स यूनिवर्सिटी को फिर मिली बम से उड़ाने की धमकी. ये ई-मेल वहीं से आया, जहां से पिछली बार आया था.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : March 2, 2026 at 3:41 PM IST
रिपोर्ट : आबिद मुमताज़
भोपाल : पीपुल्स यूनिवर्सिटी में सोमवार सुबह रोजाना की तरह गतिविधियां चल रही थीं कि अचानक पुलिस की टीमें बम निरोधी दस्ते के साथ पहुंची तो हड़कंप मच गया. जब लोगों को पता चला कि यूनिवर्सिटी को बम से उड़ाने की धमकी मिली है तो दहशत फैल गई. टीम ने यूनिवर्सिटी के हर कोने की तलाशी ली.
19 फरवरी को भी मिली थी बम की धमकी
एक बार फिर वहीं ई-मेल आया है, जहां से 19 फरवरी को आया था. अब पुलिस दोबारा बम की धमकी मिलने के बाद इसे गंभीरता से ले रही है. पुलिस का कहना है कि पूरे यूनिवर्सिटी कैंपस की सर्चिंग कर ली गई और साथ ही जो आसपास रहवासी एरिया है, वहां पर भी सर्चिंग करवाई गई है. मौके पर बम स्क्वायड दस्ते को बुलाया गया. साथ ही पुलिस डॉग से भी चेक करवाया गया. लेकिन अब तक कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली.

विश्वविद्यालय प्रशासन ने पुलिस को किया सूचित
राजधानी भोपाल के पीपुल्स यूनिवर्सिटी को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिलने से कई प्रकार के सवाल उठ रहे हैं. ये किसी की शरारत है या वाकई कोई साजिश रच रहा है. विश्वविद्यालय प्रशासन को ये धमकी ई-मेल के जरिए मिली है, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचा और यूनिवर्सिटी परिसर की जांच शुरू कर दी. सुरक्षा को देखते हुए कैंपस में अलर्ट जारी कर पूरे परिसर की सर्चिंग की गई.

- पीपुल्स यूनिवर्सिटी में सायनाइड बम, श्रीलंका के ईस्टर हमले जैसे होंगे विस्फोट, धमकी भरा ईमेल
- बम की धमकी भरे मेल का राज खोलेगा AI, भोपाल की फॉरेंसिक यूनिवर्सिटी ने बनाया खास सॉफ्टवेयर
भोपाल पुलिस ने सायबर सेल को जांच में लगाया
सायबर सेल से मिलकर पुलिस जांच में जुटी है. यह फॉरवार्डेड मेल है, जो पहले 19 फरवरी को यूनिवर्सिटी के दिन के पास आया था. थाना प्रभारी मनोज पटवा का कहना है "यह यूरोपियन कंट्री से आया हुआ मेल लगता है, जिसकी जांच की जा रही है. इससे पहले 19 फरवरी को भी पुलिस ने चप्पे की तलाशी ली थी. लेकिन कोई विस्फोटक सामग्री नहीं मिली थी. अब दोबारा धमकी मिलने के बाद पुलिस की चिंता भी बढ़ गई है."

