भोपाल में युवकों के नाक-मुंह को पत्थर से कुचला, बदमाशों ने पीट-पीटकर किया बेहोश
भोपाल में पुरानी रंजिश के चलते बदमाशों ने 2 युवकों पर किया हमला, पुराने केस में समझौता से मना करने पर पीटा.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : February 25, 2026 at 9:59 PM IST
भोपाल: अरेरा हिल्स थाना क्षेत्र के भीम नगर में 2 युवकों के साथ बेरहमी से मारपीट का मामला सामने आया है. युवकों को नकाबपोश बदमाशों ने लात-घूंसे से मारा और पत्थर से चेहरे पर वार किया. इस हमले में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिसमें एक युवक के मुंह और नाक पर गंभीर चोटें आई हैं. घटना के बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. वहीं, पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
पीट-पीटकर किया बेहोश
भोपाल के अरेरा हिल्स थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते मारपीट की घटना को अंजाम दिया गया. जिसमें करीब आधा दर्जन बदमाशों ने रावेंद्र सेन और सौरभ विश्वकर्मा पर हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए. मारपीट में एक युवक का नाक-मुंह पत्थर से कुचल दिया है. पुलिस के मुताबिक अक्कू उर्फ आकाश और विशाल चपटी ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर रावेंद्र सेन पर हमला किया है.
पुराने केस में समझौता से मना करने पर पीटा
आरोपियों ने पहले पीड़ित युवक को रावेंद्र सेन और सौरभ विश्वकर्मा को रात 2 बजे कॉल करके बुलाया. जिसके बाद उनसे केस वापस लेने का दबाव बनाया. जब दोनों ने केस वापस लेने से इंकार किया, तो बदमाशों ने सौरभ और उसके साथी राघवेंद्र के साथ मारपीट शुरू कर दी. जिसमें दोनों को गंभीर चोटें आई है. इस मारपीट का एक वीडियो भी सामने आया है. इसके साथ ही बदमाशों पर चाकू से जानलेवा हमला करने का भी आरोप है.
- बैतूल में ट्रिपल मर्डर, बेटे ने माता-पिता और भाई की हत्या की, बिल्ली को भी नहीं छोड़ा
- बीजेपी विधायक की दबंगई! महिला को गालियां देने और मारपीट का आरोप
2 आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
इस मामले को लेकर पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और अन्य की तलाश की जा रही है. एडिशनल डीसीपी गौतम सोलंकी ने बताया, " सौरभ और राघवेंद्र का अरोपियों के साथ पूर्व से विवाद है. इसी रंजिश के चलते हमला किया गया है. 2 नामजद सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है. हत्या के प्रयास का प्रकरण दर्ज करते हुए मामले की जांच की जा रही है."

