ETV Bharat / state

मध्य प्रदेश में नॉन स्टॉप 100 घंटे क्रिकेट खेलेंगे दिव्यांग, गिनीज, लिम्का, एशिया बुक के लिए बनेगा वर्ल्ड रिकॉर्ड

भोपाल में राष्ट्रीय दिव्यांग क्रिकेट टूर्नामेंट शुरू. 26 फरवरी तक चलने वाले इस टूर्नामेंट में 8 राज्यों के 250 खिलाड़ी हो रहे हैं शामिल.

BHOPAL NATIONAL DISABLED CRICKET
मध्य प्रदेश में नॉन स्टॉप 100 घंटे क्रिकेट खेलेंगे दिव्यांग (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : February 22, 2026 at 4:29 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

भोपाल: मध्य प्रदेश खेल के मामले में एक नया इतिहास तय करने जा रहा है. राजधानी भोपाल में राष्ट्रीय दिव्यांग क्रिकेट टूर्नामेंट शुरू हुआ है. लगातार 100 घंटे तक नॉक आउट चलने वाले क्रिकेट टूर्नामेंट के जरिए वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया जाएगा. भोपाल के नेहरू नगर पुलिस ग्राउंड पर शुरू हुए इस दिव्यांग क्रिकेट टूर्नामेंट की मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने शुरूआत की. इस टूर्नामेंट में दृष्टि बाधित, व्हील चेयर क्रिकेटरों की 8 राज्यों की टीम हिस्सा ले रही हैं.

सीएम बोले एक नए प्रारूप का आविष्कार

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने राष्ट्रीय दिव्यांग क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ करते हुए कहा कि "यह आयोजन समाज में सकारात्मक सोच और समान अवसर के संदेश को मजबूत करेगा. देश के अंदर इसी भाव को लेकर केन्द्र सरकार ने एक शब्द को बाहर कर दिया. प्रधानमंत्री मोदी ने विकलांग शब्द को बाहर करते हुए दिव्यांग जन शब्द लेकर आए."

उन्होंने कहा कि "क्रिकेट के नए प्रारूप का आविष्कार हो रहा है. लगातार 100 घंटे तक यह टूर्नामेंट चलेगा. खेल का क्रम समय के चक्र के साथ चलेगा."

लगातार 100 घंटे चलेगा टूर्नामेंट (ETV Bharat)

लगातार 100 घंटे चलेगा टूर्नामेंट

टूर्नामेंट के आयोजक डॉ राघवेन्द्र शर्मा ने बताया कि "इस टूर्नामेंट में 8 राज्यों के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं. इसमें मध्य प्रदेश के अलावा हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, बिहार, झारखंड, उड़ीसा, छत्तीसगढ़ के करीबन 250 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं. सबसे खास बात यह है कि यह टूर्नामेंट लगातार 100 घंटे तक नॉन स्टॉप चलेगा. रात में भी मैच होंगे. देश में इस तरह का टूर्नामेंट लगातार पहली बार किया जा रहा है."

Chief Minister Dr Mohan Yadav
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने दिव्यांग क्रिकेट टूर्नामेंट की शुरूआत की (ETV Bharat)

राजस्थान की संगीता विश्नोई भी शामिल

टूर्नामेंट में राजस्थान की टीम से संगीता विश्नोई भी हिस्सा ले रही हैं. संगीता जब 6 साल की थी, तब करंट लगने से उन्होंने एक हाथ और एक पैर खो दिया था लेकिन इसके बाद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और क्रिकेट सहित कई खेलों में हाथ आजमाया और कई रिकॉर्ड भी बनाए. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी अपने मन की बात कार्यक्रम में उनके हौसले की तारीफ कर चुके हैं. संगीता विश्नोई कहती हैं कि "उन्हें खुशी है कि वे इस अनोखे क्रिकेट टूर्नामेंट में हिस्सा ले रही हैं."

रिकॉर्ड्स के लिए पहुंचे प्रतिनिधि

आयोजक राघवेंन्द्र शर्मा के मुताबिक नॉन स्टॉप 100 घंटे क्रिकेट टूर्नामेंट का समापन 26 फरवरी को होगा. टूर्नामेंट को रिकॉर्ड के रूप में दर्ज करने के लिए गिनीज, लिम्का और एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स के प्रतिनिधि भी भोपाल पहुंचे हैं. उद्घाटन समारोह में बीजेपी के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, स्थानीय विधायक भगवान दास सबनानी भी मौजूद रहे.