ETV Bharat / state

भोपाल नगर निगम का स्लाटर हाउस सील, 26 टन गोमांस की पुष्टि के बाद हिंदू संगठनों का प्रदर्शन

भोपाल पुलिस मुख्यालय के सामने 17 दिसंबर को पकड़ा गया था मांस से भरा ट्रक. गुरुवार को आई रिपोर्ट में 26 टन गोमांस की पुष्टि.

BHOPAL SLAUGHTER HOUSE SEALED
26 टन गोमांस की पुष्टि के बाद हिंदू संगठनों का प्रदर्शन (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : January 8, 2026 at 6:20 PM IST

|

Updated : January 8, 2026 at 6:30 PM IST

6 Min Read
Choose ETV Bharat

भोपाल: राजधानी भोपाल में गोकशी के मामले रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं. बीते 8 महीने में ऐसी 14 घटनाएं सामने आ चुकी हैं. जिसमें या तो गोवंशो को मार दिया गया या फिर हिंदूवादी संगठनों के समय पर पहुंचने की वजह से उन्हें बचा लिया गया. लेकिन अब नगर निगम भोपाल के अत्याधुनिक स्लाटर हाउस से गोमांस की सप्लाई का मामला सामने आया है.

सरकार द्वारा पीपीपी मोड पर चलाए जा रहे इस स्लाटर हाउस में गोकशी की जानकारी मिलते ही नगर निगम भोपाल के अधिकारियों की नींद उड़ गई है. इधर जिला प्रशासन ने गोमांस की पुष्टि होने के बाद स्लाटर हाउस को सील कर दिया है. विरोध में हिंदू संगठनों ने कमिश्नर कार्यालय का घेराव कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है.

26 टन गोमांस की पुष्टि के बाद हिंदू संगठनों का प्रदर्शन (ETV Bharat)

एसी वैन में पकड़ा गया था 26 टन गोमांस

17 दिसंबर की रात भोपाल स्थित पुलिस मुख्यालय के सामने हिंदू संगठनों ने मांस से भरा एक ट्रक पकड़ा था. कार्यकर्ताओं का आरोप था कि इस ट्रक में जो मांस का परिवहन हो रहा था, वह गोमांस है. इसकी सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस और अन्य अधिकारी पहुंच गए थे. पुलिस ने सबसे पहले ड्रायवर नवेद को गिरफ्तार किया था. इसके बाद इस मांस को लैब में टेस्टिंग के लिए राज्य पशु चिकित्सालय जहांगीराबाद भेजा गया था. अब इसकी लैब रिपोर्ट आ गई है. जिसमें स्पष्ट हो गया है कि 26 टन मांस जो पुलिस ने जब्त किया था, वह गोमांस ही है.

26 TONNES BEEF SEIZED
17 दिसंबर की रात पकड़ा गया था उत्तरप्रदेश के रजिस्ट्रेशन नंबर वाला ट्रक (ETV Bharat)

क्यूआर कोड और स्पेशल बाक्स में पैक था मांस

पुलिस ने 17 दिसंबर की रात उत्तरप्रदेश के रजिस्ट्रेशन नंबर वाले जिस ट्रक को पकड़ा था, जब इसकी तलाशी ली गई तो इसमें पैकेटों में भरा गोमांस मिला था. इनमें बकायदा क्यूआर कोड और स्पेशल टैग भी लगे हुए थे. ट्रक का वजन कराने के बाद इसमें करीब 26 टन गोमांस होने की जानकारी सामने आई थी. अब लैब में जांच के बाद यह भी स्पष्ट हो गया है कि यह गोमांस ही था. संस्कृति बचाओ मंच और हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी ने बताया कि "भोपाल नगर निगम के स्लाटर हाउस से गोमांस की सप्लाई की जा रही थी. भोपाल से गोमांस दूसरे प्रदेशों और फिर विदेशों में भेजने की जानकारी भी मिली है."

Hindu organizations Demonstration
हिंदू संगठनों ने पुलिस कमिश्नर कार्यालय का किया घेराव (ETV Bharat)

स्लाटर हाउस सील, कानूनी कार्रवाई की तैयारी

इस मामले में शहर वृत्त के एसडीएम दीपक पांडे ने बताया कि "गोमांस की पुष्टि होने के बाद स्लाटर हाउस को सील कर दिया गया. स्लॉटर हाउस के लाइसेंस की शर्तों की भी जांच की जा रही है. नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर लाइसेंस निरस्त करने और संबंधित संचालकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है. वहीं पुलिस की ओर से भी पशु क्रूरता अधिनियम और अन्य धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है."

हिंदू संगठनों ने पुलिस कमिश्नर कार्यालय का किया घेराव

जांच रिपोर्ट में 26 टन गोमांस की पुष्टि होने के बाद हिंदू संगठनों में जबरदस्त आक्रोश है. विरोध में बजरंग दल और विश्व हिन्दू परिषद ने गुरुवार को पुलिस कमिशनर कार्यलय का घेराव कर जमकर नारेबाजी की.

Hindu organizations Demonstration
26 टन गोमांस की पुष्टि के बाद हिंदू संगठनों का प्रदर्शन (ETV Bharat)

विश्व हिंदू परिषद कार्यकर्ता जीतेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि गोमाता के सम्मान में सभी हिंदू संगठनों ने सामूहिक रूप से प्रदर्शन किया है. संगठनों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए स्थायी व्यवस्था की मांग की है.

बजरंग दल नेताओं ने कहा कि पिछले दिनों जहांगीराबाद इलाके में जो 26 टन मांस पकड़ा गया था, वह गोमांस ही था. इसकी पुष्टि हो गई है. यह भी स्पष्ट हुआ है कि नगर निगम के इसी स्लाटर हाउस में गोवंश की हत्याएं होती थीं. नेताओं का आरोप है कि नगर निगम, प्रशासन और पुलिस अधिकारियों की मिलीभगत के बना यह संभव नहीं है. ऐसे में मामले की जांच हो और सभी पर एफआईआर दर्ज होना चाहिए."

भोपाल में बीते 8 महीने में गोवंश को लेकर हुई घटनाएं

  • 1. थाना निशातपुरा में 8 मई 2025 को सब्जी मंडी करोंद में गोमाता के अवशेष मिले.
  • 2. 16 मई व 27 जून 2025 को पलाशी रोड शिव मंदिर और हाउसिंग बोर्ड चौकी के पास गोकशी/अवशेष मिले.
  • 3. थाना सूखी सेवनिया में एक कार से 4 गौवंश का मांस पकड़ा गया.
  • 4. थाना हबीबगंज में 4 अक्टूबर 2025 को 6 कटे हुए गौवंश पकड़े गए.
  • 5. थाना परवलिया में 6 अक्टूबर 2025 को लाल रंग की कार में एक गाय कटी हुई मिली.
  • 6. थाना ऐशबाग में 18 अगस्त 2025 को कम्मू के बाग स्थित डेयरी में 10 कटे गौवंश मिले.
  • 7. थाना इटखेड़ी में अमूल दूध की गाड़ी में 6 गौवंश पकड़े गए, जिनमें 2 मृत थे.
  • 8. 11 नवंबर 2025 को बोलेरो पिकअप से 8 गौवंश बरामद किए गए.
  • 9. थाना दोराहा में एक ट्रक में 29 गौवंश अमानवीय तरीके से ले जाए जा रहे थे. सभी गौवंशों को समय रहते बचाया गया.
  • 10. थाना जहांगीराबाद में 25 दिसंबर 2025 को मैजिक वाहन में 6 गौवंश कटने ले जाए जा रहे थे. गौवंशों को सुरक्षित बचाया गया.
  • 11. थाना गांधी नगर में एक गौवंश को गोकशी से पहले पकड़ा गया.
  • 12. थाना गौतम नगर में 30 अक्टूबर 2025 को गौवंश के अवशेष बरामद हुए.
  • 13. टीला थाना में 17 जुलाई 2025 को गौवंश के अवशेष मिले.
  • 14. थाना छोला मंदिर में 26 दिसंबर 2025 को विदिशा रोड, लाल कोठी के पास एक गौवंश का कटा हुआ सिर बरामद किया गया.
Last Updated : January 8, 2026 at 6:30 PM IST