कुत्ते चाट रहे थे बर्फ, भोपाल में धड़ल्ले से हो रही थी सप्लाई, नगर निगम ने लिया एक्शन
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से चौंकाने वाला मामला, काजी कैंप क्षेत्र से बिक रही थी कुत्तों की गंदगी वाली बर्फ, आबिद मुमताज की रिपोर्ट.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : June 2, 2026 at 7:40 PM IST
भोपाल : राजधानी भोपाल के काज़ी कैम्प इलाके से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. इस क्षेत्र में बर्फ बनाने वाली कंपनी की खौफनाक सच्चाई ने लोगों के होश उड़ा दिए हैं. कंपनी द्वारा कुत्तों द्वारा चाटी जा रही बर्फ को मार्केट में बेचा जा रहा था. इस कंपनी का एक वीडियो भी सर्कुलेट हुआ, जहां कुत्ते बर्फ की सिल्लियों को चाटते और गंदा करते नजरआ आते हैं. शिकायत मिलने पर नगर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया, जहां शिकायत सही पाई गई.
लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़, कुत्ते चाट रहे थे बर्फ
राजधानी के वार्ड क्रमांक-16 स्थित बैरसिया रोड काज़ी कैम्प इलाके मे खुले में बर्फ बेचने और स्वच्छता नियमों की अनदेखी करने का गंभीर मामला सामने आया है. बर्फ डिपो का संचालक यहां खुले में बर्फ बेचने के लिए रखा हुआ था. बर्फ पर कुत्ते गंदगी फैला रहे थे और कुछ गर्मी की वजह से बर्फ चाट रहे थे. शिकायत मिलने पर नगर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया, जहां बर्फ की सिल्ली पर कुत्ते खड़े दिखाई दिए. जांच के दौरान अधिकारियों ने पाया कि बर्फ को बिना किसी सुरक्षा व्यवस्था के खुले में रखा गया था, जिससे उसके दूषित होने की पूरी आशंका थी.

बर्फ की सिल पर गंदगी मिलने के बाद इसे सार्वजनिक स्वास्थ्य के लिए खतरा मानते हुए तत्काल कार्रवाई की गई. नगर निगम ने संबंधित बर्फ विक्रेता के खिलाफ चालानी कार्रवाई करते हुए पूरी बर्फ को नष्ट करवा दिया.

शहर में कई जगह इस्तेमाल होती है बर्फ
जोन चार के स्वास्थ्य अधिकारी मोहम्मद शाहब खान ने बताया, '' एक वीडियो वायरल हुआ था जिस पर कुत्ते बर्फ पर गंदगी कर रहे थे. हमने तुरंत नगर निगम की टीम को भेजा और पूरे मामले की जांच करवाई. इस मामले में राजू बर्फ डिपो के संचालक पर कार्रवाई करते हुए 2 हज़ार का जुर्माना लगाया है. खाद्य पदार्थों की बिक्री में स्वच्छता मानकों का पालन करना अनिवार्य है और नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.'' बताया गया कि इस जगह से शहर के कई क्षेत्रों में बर्फ की सप्लाई होती है जो खाना पान और ठंडे पेय पदार्थों को बनाने में भी इस्तेमाल होती है.
यह भी पढ़ें-
- मध्य प्रदेश में 48 लाख लोगों को मुफ्त रजिस्ट्री, बरगी क्रूज हादसे की न्यायिक जांच, मोहन कैबिनेट में महत्वपूर्ण फैसले
- भोपाल में म्यूजिक टीचर्स का अनोखा प्रदर्शन, रघुपति राघव राजा राम गाकर सरकार को जगाया
नगर निगम ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे खाद्य सामग्री खरीदते समय उसकी स्वच्छता पर विशेष ध्यान दें और कहीं भी गंदगी या नियमों के उल्लंघन की जानकारी मिलने पर तुरंत संबंधित विभाग को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके.

