ETV Bharat / state

इंतजार की घड़ियां खत्म! इस दिन एमपी बोर्ड 12वीं के टॉपरों के खाते में गिरेंगे लैपटॉप के पैसे

एमपी बोर्ड में 12वीं के मेधावियों को मिलेंगे 25 हजार रुपए, मोहन यादव सरकार 1 सितंबर को खातों में भेजेगी लैपटॉप की राशि. विश्वास चतुर्वेदी की रिपोर्ट.

laptop yojana madhya pradesh
एमपी बोर्ड में 12वीं के मेधावियों को 25 हजार (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : August 28, 2026 at 1:26 PM IST

|

Updated : August 28, 2026 at 1:33 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

भोपाल: मध्य प्रदेश में 12वीं की बोर्ड परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को लैपटॉप खरीदने के लिए मिलने वाली प्रोत्साहन राशि का इंतजार अब खत्म होने जा रहा है. दरअसल, सरकार 1 सितंबर को पात्र विद्यार्थियों के बैंक खातों में 25-25 हजार रुपए की राशि अंतरित करेगी. इस योजना के दायरे में माध्यमिक शिक्षा मंडल की 12वीं परीक्षा में प्रथम प्रयास में 75 प्रतिशत या उससे अधिक अंक हासिल करने वाले विद्यार्थी हैं. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्कूल शिक्षा विभाग के अधिकारियों को भुगतान की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए हैं.

विद्यार्थियों के सीधे खाते में पहुंचेगी राशि
बता दें कि, इस योजना के तहत विद्यार्थियों को लैपटॉप उपलब्ध कराने के बजाय उसके लिए आर्थिक सहायता दी जाएगी. पात्र विद्यार्थी के बैंक खाते में सीधे 25 हजार रुपए हस्तातरित किए जाएंगे. स्कूल शिक्षा विभाग के अनुसार इसका उद्देश्य मेधावी विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए कंप्यूटर और अन्य डिजिटल संसाधन उपलब्ध कराना है. खास तौर पर उच्च शिक्षा में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों के लिए यह राशि उपयोगी साबित होती है. वहीं, भुगतान के लिए विद्यार्थी का पात्र होना और बैंक खाता संबंधित प्रक्रिया के अनुरूप होना जरूरी है.

अब तक 4 लाख से ज्यादा विद्यार्थियों को मिल चुका लाभ
बता दें कि, मध्य प्रदेश में साल 2009-10 से संचालित किया जा रहा है. स्कूल शिक्षा विभाग के आंकड़ों के अनुसार अब तक 4.32 लाख से अधिक विद्यार्थियों को लैपटॉप खरीदने के लिए आर्थिक सहायता दी जा चुकी है. वहीं वर्ष 2021-22 में 91,498 विद्यार्थियों को 25 हजार रुपए के हिसाब से राशि दी गई थी. वहीं वर्ष 2023-24 में 89,710 विद्यार्थियों के खातों में कुल 224.27 करोड़ रुपए अंतरित किए गए.

पिछले साल 94 हजार से ज्यादा को मिली राशि
वर्ष 2025 में भी योजना के तहत बड़ी संख्या में विद्यार्थियों को लाभ मिला था. उस दौरान 94,234 मेधावी विद्यार्थियों को 25-25 हजार रुपए दिए गए. आंकड़ों के अनुसार इस भुगतान पर सरकार का खर्च करीब 235.58 करोड़ रुपए रहा. अब 2026 में भी 75 प्रतिशत या उससे अधिक अंक हासिल करने वाले विद्यार्थियों को 1 सितंबर को राशि मिलने जा रही है.

Last Updated : August 28, 2026 at 1:33 PM IST