मोहन यादव का किसानों के लिए बड़ा ऐलान, भावांतर में शामिल सरसों, इस फसल पर मिलेगा बोनस
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मध्य प्रदेश के किसानों को दी राहत, अब सरसों पर भी भावांतर देगी सरकार, उड़द की खेती पर बोनस का ऐलान.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : February 23, 2026 at 5:07 PM IST
|Updated : February 23, 2026 at 5:53 PM IST
भोपाल: मोहन यादव सरकार ने फैसला लिया है कि सरसों को भावांतर में शामिल किया जाएगा. इसके अलावा उड़द लगाने पर किसानों को 600 रुपए का बोनस सरकार देगी. सोमवार को विधानसभा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ये घोषणा कि, किसानों को उनकी उपज का सही दाम मिल सके, इसके लिए राज्य सरकार ने बड़ा फैसला किया है. सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा कि, ''हम सरसों का भी भावांतर योजना में पंजीयन शुरु कर रहे हैं.'' इसके अलावा उन्होंने ये भी कहा कि, ''दलहन में हम देश में नंबर वन हैं, अब उड़द की बढ़ती मांग को देखते हुए उड़द लगाने वाले किसानों को भी सरकार बोनस देगी.''
सरसों के किसानों के लिए बड़ा एलान, ये होगा फायदा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विधानसभा में कृषि के महत्व पर बोलते हुए कहा कि, ''हमारी सरकार ने इस वर्ष को किसान कल्याण वर्ष घोषित किया है. बीते समय में हमने सोयाबीन की डेढ हजार करोड़ से ऊपर की राशि भावांतर के माध्यम से किसानों के खाते में डाली थी.'' उन्होंने कहा कि, ''भावांतर योजना को कई राज्यों में सराहा गया.
अब सरसों के रकबों में पूर्व की तुलना में 28 प्रतिशत रकबा बढा है. 15.71 मीट्रिक टन का उत्पादन वर्तमान में सरसों का हुआ है.'' सीएम मोहन यादव ने कहा कि, ''सरसों के भाव 5500 से 6 हजार तक हैं. अब सरसों की उपज का उचित मूल्य दिलाने भावांतर योजना का पंजीयन करना शुरु कर रहे हैं. जिससे बाजार भाव कम होने की स्थिति में भी किसानों को हानि नहीं होगी.''
- भावांतर के भंवर में फंसे कई किसान, मैसेज तो आया खाते में राशि का अभी भी इंतजार
- खत्म हुआ मध्य प्रदेश के किसानों का इंतजार, मोहन यादव ने 810 करोड़ किसानों के खातों में डाले
- मोहन यादव देंगे 25 जिलों के लाखों किसानों को मुआवजा, फसलें हुईं तबाह तो जागे कलेक्टर
उड़द पर किसानों को ऐसे बोनस देगी सरकार
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि, ''किसानों के लिए एक और बड़ा ऐलान किया. हमारी कोशिश है कि एमएसपी पर किसानों को फसल का सही दाम मिले. किसान तीसरी फसल खेतों में ले सकें.'' उन्होंने किसानों से अपील करते हुए कहा कि, ''मूंग की बजाए अगर किसान उड़द लगाएंगे, तो प्रोत्साहन देने के लिए 600 रुपए प्रति क्विंटल का बोनस अलग से किसानों को दिया जाएगा.''
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि, ''किसानों की आय बढ़ाने के लिए संतुलित दलहन उत्पादन की ये हमारी योजना दीर्घगामी है.'' उन्होंने कहा कि, ''विपणन समस्याओं की चुनौती से निपटने के लिए 600 रुपए का बोनस दिया है, किसान इसका जरुर लाभ उठाएंगे. दलहन में हम देश भर में नंबर वन पर हैं.''

