विधायक की जैकेट जादूगरी! नए साल पर लाए पुजारी और इमामों के लिए बैग भर के गिफ्ट्स
नए साल के मौके पर विधायक आरिफ मसूद ने पुजारियों और इमामों को बांटी जैकेट, पार्टियों को दिया संदेश-हर तबके का रखते हैं ख्याल.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : January 1, 2026 at 3:16 PM IST
|Updated : January 1, 2026 at 4:06 PM IST
भोपाल: नए साल की शुरुआत हो गई है. इस मौके पर कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद ने मंदिरों के पुजारी, मस्जिदों के इमामों और मुअज्जिनों को उपहार स्वरूप जैकेट भेंट की हैं. विधायक आरिफ मसूद का यह कार्यक्रम नया नहीं है. हर साल सर्दियों में इस तरह का आयोजन कर वे अपने विधानसभा क्षेत्र में लगातार सक्रिय बने रहते हैं. एक तरह से कहा जाए तो यह पहल आम जनता तक अपनी पकड़ मजबूत करने और सकारात्मक छवि बनाए रखने की कोशिश का हिस्सा है.
समाज को सही दिशा देते हैं पुजारी और इमाम
इस मौके पर विधायक आरिफ मसूद ने कहा कि, ''समाज को सही दिशा देने में पुजारी और इमामों की भूमिका सबसे अहम होती है. सबसे पहले हमें इन पुजारियों और इमामों का ख्याल रखना चाहिए, क्योंकि यही लोग समाज को जोड़ने और लोगों में नैतिक मूल्यों का संचार करने का काम करते हैं.'' मसूद ने कहा कि, ''नए साल पर लोग अलग-अलग तरह के कार्यक्रम और आयोजन करते हैं, लेकिन उनका प्रयास हर साल कुछ ऐसा करने का रहता है, जिससे समाज में सकारात्मक संदेश जाए.''
विधायक ने कहा कि, ''धर्म चाहे कोई भी हो, लेकिन इंसानियत सबसे ऊपर है और यही भावना इस आयोजन के केंद्र में है.'' यह अनोखा आयोजन विधायक आरिफ मसूद द्वारा पिछले कई वर्षों से लगातार किया जा रहा है. समाज सेवी अब्दुल नफीस का कहना है कि, ''इस तरह के प्रयासों से न केवल धार्मिक सौहार्द को बढ़ावा मिलता है, बल्कि समाज में आपसी विश्वास और भाईचारा भी मजबूत होता है.''

- मंत्री का मध्य प्रदेश सरकार पर आरोप, 'मुझे बैठक में नहीं बुलाते, रामनिवास रावत को मिल रही तवज्जो'
- नए साल पर मैहर में अनोखा नजारा, मां शारदा के दर्शन करने उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
- महाकाल मंदिर दर्शन पर नुसरत भरूचा के खिलाफ फतवा, मौलाना बोले-माफी मांगे कलमा पढ़ें अभिनेत्री
जनता को लुभाने में पीछे नहीं रहते विधायक
कार्यक्रम के दौरान पुजारी और इमामों ने विधायक आरिफ मसूद का आभार जताते हुए कहा कि, ''ऐसे आयोजन समाज को जोड़ने का काम करते हैं और नई पीढ़ी को भी आपसी सम्मान और भाईचारे का संदेश देते हैं.'' आरिफ मसूद का यह आयोजन लगातार सक्रिय और जनसंपर्क राजनीति का एक और उदाहरण माना जा रहा है. जिससे विधायक लगातार यह संदेश दे रहे हैं कि वे हर तबके का ध्यान रख रहे हैं.
देखने में आया है कि, लोग नाच गाने कर नया साल मनाते हैं. लेकिन भोपाल की अपनी अलग परंपरा रही है. यहां कई सामाजिक संगठन और राजनीतिक दल के लोग अलग-अलग तरीके से नए साल का जश्न मनाते हैं. इसी कड़ी में कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद ने हर साल की तरह इस साल भी एक अलग अंदाज में नए साल का आगाज किया.

