MANIT का असिस्टेंट प्रोफेसर गिरफ्तार, महिला कर्मचारी से छेड़छाड़, विरोध किया तो बंदूक तानी
भोपाल स्थित मैनिट में महिलाओं की सुरक्षा पर बड़ा सवाल. छेड़छाड़ की शिकायत पर प्रबंधन ने नहीं की कार्रवाई. आबिद मुमताज की रिपोर्ट.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : August 29, 2026 at 6:42 PM IST
भोपाल : राजधानी स्थित मौलाना आज़ाद राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (MANIT) के असिस्टेंट प्रोफेसर को छेड़छाड़ और धमकी के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार किया. आरोपी असिस्टेंट प्रोफेसर यदुनाथ पाठक कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग में पदस्थ हैं. शिकायत करने वाली महिला भी मैनिट में ही काम करती है. महिला को असिस्टेंट प्रोफेसर कई दिनों से परेशान कर रहा था.
मैनिट प्रबंधन ने नहीं की कार्रवाई
भोपाल के कमला नगर पुलिस थाने में महिला द्वारा दी गई शिकायत में कहा गया है "उसने 10 दिन पहले असिस्टेंट प्रोफेसर की हरकतों की शिकायत मैनिट प्रबंधन से की थी. लेकिन प्रबंधन ने शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया." जब मैनिट प्रबंधन ने कोई कार्रवाई नहीं की तब पीड़िता महिला थाने पहुंची और अपनी आपबीती सुनाई. पुलिस को लिखित शिकायत में महिला ने बताया "मैनिट के असिस्टेंट प्रोफेसर यदुनाथ पाठक कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग में पदस्थ हैं. वह लगातार उसका पीछा कर छेड़छाड़ करते हैं और धमकाते हैं."
महिला का आरोप- बंदूक दिखाकर धमकाया
पीड़ित महिला ने शिकायत में ये भी आरोप लगाया "असिस्टेंट प्रोफसर छेड़छाड़ करते हैं. विरोध करने पर बंदूक दिखाकर धमकाते हैं." पुलिस ने मामले की जांच की और फिर आरोपी असिस्टेंट प्रोफेसर यदुनाथ पाठक के खिलाफ छेड़छाड़ और धमकी देने की धाराओं में मामला दर्ज किया. कमला नगर थाना प्रभारी नीरूपा पांडे ने बताया "महिला ने थाने मे शिकायत दर्ज की है. शिकायत की जांच के बाद असिस्टेंट प्रोफेसर यदुनाथ पाठक के खिलाफ छेड़छाड़ और धमकी का मामला दर्ज किया. आरोपी को गिरफ्तार भी कर लिया है."
- मां के सीने पर बंदूक अड़ा बेटी से दुष्कर्म, घर में घुसकर की घिनौनी हरकत, साढ़े 3 महीने बाद कराई FIR
- सिंगरौली में टीचर को बंधक बनाकर दुष्कर्म, ससुराल वालों को वीडियो दिखा तुड़वाई शादी, ऐठे लाखों रुपए
साक्ष्य इकट्ठा करने मैनिट जाएगी पुलिस टीम
असिस्टेंट प्रोफेसर की गिरफ्तारी के बाद मैनिट में चर्चा का बाजार गर्म है. हालांकि मीडिया के सामने कोई कुछ भी बोलने से कतरा रहा है. बहुत जल्द मैनिट पहुंच कर पुलिस टीम अन्य लोगों के बयान दर्ज कर सकती है. महिला थाना प्रभारी नीरूपा पांडे का कहना है "आवश्यक साक्ष्य इकट्ठे करने के लिए पुलिस टीम को मैनिट भेजा जाएगा. जिस जगह पर छेड़छाड़ व बंदूक से धमकाने की शिकात की गई है, वहां मौके पर पहुंचकर पुलिस गहराई से पड़ताल करेगी."

