मध्य प्रदेश में अजीब चोर, लेडीज अंडरगारमेंट्स चुराकर पहनता था युवक, ऐसे खुली पोल
राजधानी भोपाल में हो रही थी अजोबीगरीब चोरी, श्रमिक कार्ड से चोर का हुआ खुलासा, पुलिस ने नहीं की कोई कार्रवाई.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : January 1, 2026 at 2:36 PM IST
भोपाल: अपने अभी तक बहुत सी चोरियों के बारे में सुना होगा, चाहे वह सोना-चांदी, हीरे और जवाहरात से लेकर गाड़िया या फिर मोबाइल चोरी हो, लेकिन मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में एक नई तरह की चोरी सामने आई है. जिसके बारे में सुनकर आपको गुस्सा नहीं, बल्कि हंसी आएगी. हम आपको बताने जा रहे हैं भोपाल के कोलार थाना क्षेत्र में होने वाली चोरी के बारे में. जिसमें न तो पैसा चुराया गया, न गाड़ी, न सोना-चांदी. यह चोर अंडरगार्मेंट्स चुराता था. कोलार थाना क्षेत्र में जिसने भी यह हैरान कर देने वाली चोरी के बारे में सुना होगा, वह हंसा जरूर होगा.
घरों से गायब हो रहे थे अंडरगारमेंट्स
यह अजीबोगरीब चोरी भोपाल के कोलार थाना क्षेत्र में हुई. एक युवक रात के अंधेरे में घरों में घुसकर महिलाओं के अंडरगारमेंट्स चोरी करता था. इतना ही नहीं वह अंडरगारमेंट्स चोरी करने के बाद उन्हें पहनकर सोता था. लंबे समय से हो रही इन चोरियों से कॉलोनी की महिलाएं परेशान थीं, लेकिन आरोपी की पहचान नहीं हो पा रही थी. घटना का खुलासा उस समय हुआ, जब एक घर में चोरी के दौरान युवक का श्रमिक कार्ड वहीं गिर गया.

श्रमिक कार्ड से हुई चोर की पहचान
घरवालों ने जब सुबह सामान समेटते समय यह कार्ड देखा, तो तुरंत कोलार थाना पुलिस को इसकी सूचना दी. पुलिस ने कार्ड पर दर्ज पते के आधार पर कार्रवाई करते हुए संबंधित स्थान पर दबिश दी. पुलिस जब मौके पर पहुंची तो आरोपी युवक वहीं मौजूद मिला. तलाशी के दौरान पुलिस भी उस समय चौंक गई, जब युवक के कपड़ों के अंदर महिलाओं के अंडरगारमेंट्स पहने होने की पुष्टि हुई.
परिवार ने बताया, युवक मानसिक विक्षिप्त
पूछताछ में युवक ने स्वीकार किया कि वह बीते कुछ समय से आसपास के घरों को निशाना बनाकर इस तरह की चोरी कर रहा था. युवक के खिलाफ किसी भी तरह की शिकायत न होने से पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर सकी. चोरी करने वाले युवक के परिजनों ने पुलिस को बताया कि "वह मानसिक रूप से विक्षिप्त है और हम उसे घर में ही बंद करके रखते है, लेकिन वह घर से बार-बार भाग जाता है." पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि युवक मानसिक रूप से असामान्य व्यवहार करता है.
- घरों में घुस चोरी की 100 वारदात, इंदौर में 101वीं चोरी पड़ी महंगी, पुलिस ने महाराष्ट्र से दबोचा
- रीवा मे चोरों ने दिया बिजली विभाग को लाखों का करंट शॉक, क्विंटल में कॉपर-एल्युमिनियम गायब
पुलिस बोली-कोई शिकायत न होने पर नहीं हुई कार्रवाई
मामले में कोलार थाना प्रभारी अजय सोनी ने बताया कि "लोगों की सूचना पर एक युवक को पकड़ा गया था, जो कि घरों से अंडरगारमेंट्स चुराता था. जब उसे पकड़ा गया, तब पर चला कि वह मानसिक रूप से विक्षिप्त है. जिसके खिलाफ किसी ने कोई शिकायत नहीं की. युवक के परिवार का कहना था कि हम इसे घर में ही बंद करके रखते हैं, पता नहीं यह कैसे निकल जाता है. यह दिमागी रूप से सही नहीं है और शिकायत न मिलने पर कोई कार्रवाई नहीं की गई.

