एक करंट का झटका और उजड़ गया परिवार, चाय वाले चेतराम की मौत
भोपाल में चाय स्टॉल चलाने वाले की इलेक्ट्रिक भट्टी से करंट लगने से मौत, करीब 10 दिन से अस्पताल में चल रहा था इलाज.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : July 1, 2026 at 4:32 PM IST
भोपाल: भोपाल के इमामी गेट इलाके में रोज मेहनत कर परिवार का पेट पालने वाले एक चाय विक्रेता की जिंदगी महज एक करंट के झटके में खत्म हो गई. 53 वर्षीय चेतराम किरार अपनी दुकान पर ग्राहकों को चाय परोस रहे थे, तभी इलेक्ट्रिक भट्टी के कटे हुए तार ने उनकी जान ले ली. करंट लगने के बाद वे ठेले से नीचे गिरे और सिर में गंभीर चोट आई. कई दिनों तक अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ने के बाद आखिरकार उन्होंने दम तोड़ दिया. अब पीछे रह गया है एक ऐसा परिवार, जिसके सिर से कमाने वाले का साया उठ गया.
इलेक्ट्रिक भट्टी से लगा करंट, चाय का स्टॉल चलाता था मृतक
भोपाल के इमामी गेट इलाके में चाय-नाश्ते का ठेला लगाने वाले चेतराम किरार पिछले करीब 15 वर्षों से अपनी मेहनत के दम पर परिवार का गुजर-बसर कर रहे थे. मूल रूप से औबेदुल्लागंज के रहने वाले चेतराम हर दिन की तरह 21 जून को भी ग्राहकों को चाय और नाश्ता परोस रहे थे. उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि जिस इलेक्ट्रिक भट्टी से उनकी रोजी-रोटी चलती है, उसी में छिपा एक कटा हुआ बिजली का तार उनकी जिंदगी छीन लेगा.

काम के दौरान करंट लगने हुई मौत
काम के दौरान जैसे ही उनका हाथ कटे हुए तार के संपर्क में आया, तेज करंट ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया. करंट का झटका इतना तेज था कि वे संतुलन खो बैठे और सीधे ठेले से नीचे जा गिरे. गिरने से उनके सिर में गंभीर चोट आई. आसपास मौजूद लोगों ने बिना देर किए उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां से उन्हें हमीदिया अस्पताल रेफर किया गया.
ये भी पढ़ें:
- सैकड़ों जिंदगियां बचाने वालों के घर रोटी की संकट, भोपाली गोताखोरों की भावुक अपील
- भोपाल में बच्चों से भरी स्कूल वैन को बदमाशों ने घेरा, ड्राइवर पर तलवार-चाकू से हमला
करीब दस दिनों तक अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करने के बाद बुधवार सुबह चेतराम ने अंतिम सांस ली. इस दर्दनाक हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें करंट लगने के बाद उनका ठेले से नीचे गिरना कैद हुआ है. चेतराम अपने पीछे पत्नी, एक बेटी और तीन बेटों का परिवार छोड़ गए हैं. जिस व्यक्ति के कंधों पर पूरे परिवार की जिम्मेदारी थी, उसके चले जाने के बाद अब घर में मातम के साथ-साथ भविष्य की चिंता भी गहरा गई है. परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है.
कोतवाली थाना प्रभारी प्रभात सिंह गौड़ ने बताया की "मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि बिजली के कटे तार और सुरक्षा में लापरवाही के लिए जिम्मेदार कौन है इसकी भी जांच की जा रही है."

