ETV Bharat / state

क्षेत्रवाद का कसा तंज, विरोध करने पर महाराष्ट्र निवासी की चाकू से गोदकर हत्या

भोपाल में महाराष्ट्र निवासी युवक की चाकू से गोदकर हत्या, बहन से मिलने आया था भोपाल. ताबड़तोड़ सीने पर हमला कर उतारा मौत के घाट.

bhopal man killed by knife attack
भोपाल में युवक की चाकू मारकर हत्या (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : February 16, 2026 at 9:47 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

भोपाल: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से दिल को झकझोर देने वाली एक खबर सामने आई है. यहां एक युवक को चाकू से गोदकर मौत के घाट उतार दिया गया है. मृतक की पहचान महाराष्ट्र के नांदेड़ जिला निवासी पवन गवई के रूप में हुई है. वह बहन से मिलने भोपाल आया हुआ था. पुलिस ने तत्काल मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

चाकू घोंपकर उतारा मौत के घाट

जानकारी के अनुसार, मिसरोद थाना क्षेत्र के जाटखेड़ी में पवन गवई की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. युवक नांदेड़ जिले का मल्लापर गांव निवासी था. बीते दिनों वह अपनी बहन से मिलने भोपाल आया था. वह अपने नाबालिग भांजे के साथ किराना शॉप पर सामान लेने गया था. इस दौरान दुकान पर बबलू नाम का युवक भी पहले से मौजूद था. आरोप है कि उसने पवन को देखकर क्षेत्रवाद का तंज कसा कि महाराष्ट्रीयन यहां क्या कर रहा है? इसपर पवन ने भी जवाब देते हुए कहा कि आपसे पूछ कर थोड़ी न आऊंगा.

बहन से मिलने आए युवक की चाकू से गोदकर हत्या (ETV Bharat)

सीने पर ताबड़तोड़ हमला

इसी बात पर बबलू ने पवन को एक तमाचा जड़ दिया. इससे आहत होकर पवन ने भी बबलू को तमाचा मार दिया. जिससे गुस्से में आकर बबलू ने अपने पास रखा चाकू निकाल कर पवन के सीने पर हमला कर दिया. हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे गंभीर हालत में इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया. जहां इलाज के दौरान रविवार-सोमवार की दरमियानी रात उसकी मौत हो गई.

इस पूरे मामले पर एडिशनल डीसीपी गौतम सोलंकी ने बताया, " पवन गवई नांदेड़ जिला के मल्लापर गांव का निवासी था. उसकी बहन भोपाल के जाटखेड़ी इलाके में रहती है. पवन 14 फरवरी को बहन से मिलने भोपाल आया था. चाकू लगने से उसकी मौत हुई है. आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. पूर्व में कोई पुराना विवाद की बात सामने आई है जिसकी जांच की जा रही है."