चोट बनी पहचान, पत्थरबाजी में लहूलुहान कार्यकर्ता बना मंच का हीरो, राहुल गांधी ने कहा दूसरा बब्बर शेर
भोपाल में किसान महाचौपाल में पहुंचे राहुल गांधी ने पथराव की घटना में घायल कार्यकर्ता को मंच पर बुलाकर की मुलाकात. घटना का देखा वीडियो.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : February 24, 2026 at 8:22 PM IST
भोपाल: राजधानी स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पर हुए पथराव की घटना ने एक स्थानीय कार्यकर्ता को अचानक प्रदेश और राष्ट्रीय राजनीति के केंद्र में ला खड़ा किया. युवा जिला कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष गोपिल कोतवाल, जिनके सिर पर पत्थर लगने से गंभीर चोट आई थी और जिन्हें आईसीयू में भर्ती कराना पड़ा था. अब उसी घटना के बाद मंच पर सम्मानित नजर आए.
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने खुद उनसे मिलने की इच्छा जताई और सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान उन्हें मंच पर बुलाकर अपने बगल में बैठाया. भारत-अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में कांग्रेस ने मंगलवार को भोपाल से राष्ट्रव्यापी आंदोलन की शुरुआत की. इसके लिए भोपाल में किसान महाचौपाल बुलाई गई थी.
'जनता और युवाओं की आवाज उठाते रहो'
गोपिल कोतवाल ने बताया कि "उन्हें फोन पर संदेश मिला कि राहुल गांधी उनसे मिलना चाहते हैं. मुलाकात के दौरान राहुल ने चोट के बारे में विस्तार से पूछा और घटना का वीडियो भी देखा. घेराव के दौरान भाजपा कार्यकर्ता बैरिकेटिंग तोड़कर कांग्रेस कार्यालय तक पहुंच गए थे. इसी दौरान पत्थरबाजी हुई और उनके सिर पर गंभीर चोट लगी."

जवाब में राहुल गांधी ने उन्हें हिम्मत बंधाते हुए कहा कि "सकारात्मक काम करते रहो और जनता और युवाओं की आवाज उठाते रहो."
- राहुल गांधी का मोदी को चैलेंज- हिम्मत है तो अमेरिका से ट्रेड डील कैंसिल करके दिखाएं
- चीन से लगता है पीएम को डर, नरवणे की किताब और चीनी घुसपैठ पर संसद में बोलने से रोका : राहुल
'दो बब्बर शेर, एक राहुल गांधी दूसरा गोपिल कोतवाल'
गोपिल ने बताया कि "करीब 5 मिनट तक उनकी राहुल गांधी से बात हुई. इस बीच मंच पर राहुल गांधी ने कहा कि 2 ही बब्बर शेर हैं. एक राहुल गांधी और दूसरा गोपिल कोतवाल." गोपिल ने बताया कि "अपने पसंदीदा नेता के द्वारा दी गई इस उपाधि के बाद वो खुद को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं."
बीती 21 फरवरी को भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने भोपाल स्थित कांग्रेस कार्यालय का घेराव किया था. इस दौरान भोपाल और इंदौर में दोनों पक्षों के बीच पथराव हुआ, जिसमें कुल 11 लोग घायल हुए थे. इसमें गोपिल कोतवाल को गंभीर चोटें आई थीं.

