भोपाल के जेपी हॉस्पिटल परिसर में बुजुर्ग के बदन पर केवल चादर, आधी रात को मौत
भोपाल के जिला अस्पताल परिसर में सोमवार सुबह अज्ञात बुजुर्ग का शव मिला. पोस्टमार्टम के बाद मौत का कारण साफ होगा.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : January 5, 2026 at 5:00 PM IST
भोपाल : राजधानी भोपाल स्थित जयप्रकाश जिला अस्पताल परिसर में सोमवार सुबह एक बुजुर्ग अचेत अवस्था में पड़ा मिला. जब डॉक्टर्स ने उसका चेकअप किया तो मृत घोषित कर दिया. परिसर में मौजूद लोगों ने बताया कि बुजुर्ग आधी रात को यहां एक चादर ओढ़कर अचेत अवस्था में पड़ा देखा गया. सुबह अस्पताल के स्टाफ ने उसकी एमएलसी कराई. उसे मृत घषित कर दिया गया. लोगों के अनुसार कड़कड़ाती ठंड के बीच रात में बुजुर्ग के बदन पर केवल एक चादर था.
सूचना मिलते ही अस्पताल प्रशासन में हड़कंप
माना जा रहा है कि बुजुर्ग की मौत अस्पताल परिसर में आधी रात को ही हो गई थी. इसकी जानकारी अस्पताल प्रशासन को नहीं लगी. सुबह जब अस्पताल प्रशासन को जानकारी मिली तो हड़कंप मच गया. तुरंत ही बुजुर्ग को इलाज के लिए अस्पताल के अंदर लाया गया. डॉक्टरों ने चेक किया तो उसकी सांसें थम चुकी थीं. एमएलसी के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया.
बीजेपी सरकार में आदमी की जान की कीमत नहीं
इस मामले में कांग्रेस प्रवक्ता भूपेंद्र गुप्ता का कहना है "इससे बड़ा दुर्भाग्य क्या हो सकता है कि एक बुजुर्ग की कड़ाके की ठंड में खुले आसमान के नीचे मौत हो जाए. क्या उस बुजुर्ग को रैनबसेरा में नहीं भेजा जा सकता था. इस सरकार में आदमी की जान की कोई कीमत नहीं है. इंदौर में दूषित पानी से हुए मौतें, इसका सबसे बड़ा उदाहरण है. इससे पहले छिंदवाड़ा में खांसी के सिरप ने 26 बच्चों की जान ले ली. किसके खिलाफ क्या कार्रवाई हुई, ये सबके सामने है."
क्यों नहीं की गई अलाव की व्यवस्था
कांग्रेस का कहना है कि एक तरफ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव अपनी ब्रांडिंग के लिए रात में कंबल बांटते फिरते हैं और वहीं राजधानी में एक बुजुर्ग की ठंड से मौत हो जाती है. ये बहुत दुःखद है. इसके लिए अस्पताल प्रबंधक और नगर निगम जिम्मेदार हैं. क्यों अलाव की व्यवस्था नहीं की गयी. सामाजिक कार्यकर्ता हनीफ खान और संतोष वर्मा ने नाराजगी जताते हुए कहा "जहां एक ओर अधिकारी अपने दफ्तरों में हीटर की गर्माहट में बैठे हैं, वहीं दूसरी ओर अस्पताल परिसर में बेसहारा लोगों की ठंड से जान जा रही है."
- सागर ताल में तैर रहे थे महिला और पुरुष के शव, पुलिस के लिए क्यों पहेली बना केस?
- MY अस्पताल के पब्लिक टॉयलेट में मिला मृत नवजात, चकमा देकर भागी प्रसूता
पीएम रिपोर्ट आने के बाद तस्वीर साफ होगी
वहीं, जेपी हॉस्पिटल के सिविल सर्जन डॉ. संजय जैन से जब इस बारे में बात की गई तो उन्होंने शुरुआत में घटना की जानकारी नहीं होने की बात कही. बाद में स्टाफ से जानकारी लेने के बाद उन्होंने बताया "बुजुर्ग को अस्पताल परिसर में पाया गया था. डॉक्टर द्वारा जांच के बाद उसे मृत घोषित किया गया. पोस्टमार्टम के बाद ही मौत का कारण पता चलेगा."

