मध्य प्रदेश के बाद अन्य राज्यों में राहुल करेंगे किसान महापंचायत, अमरीका ट्रेड टील के खिलाफ खोला मोर्चा
भारत और अमेरिका ट्रेड डील के खिलाफ कांग्रेस का बड़ा ऐलान, मध्य प्रदेश सहित देश भर में करेगी किसान महापंचायत और किसान चोपाल.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : February 21, 2026 at 7:15 PM IST
भोपाल: अमरीका ट्रेड डील के खिलाफ किसान महापंचायत की शुरुआत मध्य प्रदेश से होगी, लेकिन राहुल गांधी ऐसी किसान महापंचायत महाराष्ट्र और राजस्थान में भी करेंगे. देश के हर राज्य में ये महापंचायतें होंगी. उसके बाद कांग्रेस जन आंदोलन की तरह इन्हें जिलों तक पहुंचाएंगी. भोपाल में शनिवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने बताया कि भोपाल में 24 फरवरी को इस किसान महापंचायत में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शामिल होंगे.
इसके बाद कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के गढ़ बुधनी से किसान पदयात्रा और किसान चौपाल की शुरुआत की जाएगी. पटवारी ने कहा, ''राहुल गांधी ने कहा है कि सबसे ज्यादा नुकसान मध्य प्रदेश में होगा, इसलिए राहुल ने तय किया है कि महापंचायत यहीं से शुरु होगी.''
ट्रेड डील के खिलाफ राहुल देशभर में करेंगे किसान महा पंचायत
अमरीका-भारत ट्रेड डील के खिलाफ कांग्रेस देशभर में किसान महापंचायत करेगी. भोपाल में कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने शनिवार को मीडिया को संबोधित किया. मीडिया से बात करते हुए जीतू पटवारी ने बताया कि भोपाल में 24 फरवरी को होने वाली किसान महापंचायत में लाखों की संख्या में किसान जुटेंगे. इनके अलावा कांग्रेस के मौजूदा और पूर्व विधायकों समेत सारे नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे. पटवारी ने कहा कि इसकी शुरुआत मध्य प्रदेश से हो रही है, लेकिन महाराष्ट्र और राजस्थान के बाद देश के हर राज्यों में ट्रेड डील में किसानों के साथ हुई कुठाराघात के खिलाफ कांग्रेस महापंचायत करेगी. फिर जिलों तक भी इस आंदोलन को पहुंचाया जाएगा. पटवारी ने कहा कि ये राजनीतिक लड़ाई नहीं है ये किसान सम्मान के लिए संघर्ष है.
शिवराज के गढ़ से कांग्रेस निकालेगी किसान पदयात्रा
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने आरोप लगाते हुए कहा, "कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान भी सरेंडर हो गए. अगर शिवराज सरेंडर होंगे तो मध्य प्रदेश का किसान चुप नहीं बैठेगा. अब कांग्रेस शिवराज के गढ़ बुधनी से किसान पदयात्रा और चौबाल की शुरुआत करेगी." वहीं, कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी ने कहा, "किसान ट्रेड डील से मध्य प्रदेश का किसान सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ है. यहां सबसे ज्यादा सोयाबीन उत्पादक किसान हैं. अमरीका से सोयाबीन आने से देश के किसानों और व्यापारियों पर सीधा असर पड़ेगा. इसके अलावा कपास की खेती भी प्रभावित होगी. मध्य प्रदेश में मोहन सरकार किसान वर्ष मना रहे हैं. मैं चुनौती देता हूं कि एक फसल जिसका एमएसपी पर बिक्री हो. उसका नाम बता दें."
बजट सत्र में गूंजेगा ट्रेड डील का मुद्दा
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिघार ने कहा, "अमेरिका ट्रेड डील का मामला कांग्रेस बजट सत्र में उठाएगी. किसानों से जुड़े इस मुद्दे पर सदन का घेराव भी करेगी कांग्रेस. इस डील से अमरीका के किसानों को फायदा होगा. मध्य प्रदेश समेत देशभर के किसानों का संकट इस डील ने बढ़ा दिया है."
- जंग का मैदान बना इंदौर का राजवाड़ा, बीजेपी व कांग्रेस के बीच भारी पथराव, 6 लोग घायल
- मध्य प्रदेश आएंगे राहुल गांधी और खड़गे, ट्रेड डील के खिलाफ भोपाल से बुलंद करेंगे आवाज
पूर्व प्रोटेम स्पीकर और बीजेपी के वरिष्ठ रामेश्वर शर्मा ने कहा, "हम भगवान से प्रार्थना करते हैं कि राहुल गांधी स्वस्थ रहें. देश-विदेश में घूमें और मस्त रहें. जहां जहां राहुल गांधी जाएंगे वहां कांग्रेस का बंटाधार हो जाएगा. जहां-जहां राहुल पहुंचेगे, वहां आपस में लड़ मरेंगे कांग्रेसी. क्योंकि राहुल गांधी की ये प्रेरणा भी यही है. आप याद कीजिए कि पहले आए थे तो उन्होंने लंड़गा घोड़ा और बूढ़ा घोड़ा बना दिया था. दिग्विजय सिंह और कमलनाथ का मजाक उड़ाया. जहां जाते हैं वहां पहले ही कांग्रेस का काम लग जाता है. मध्य प्रदेश में जैसे ही राहुल गांधी का पता चला, उप नेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे ने भी इस्तीफा दे दिया."

