भोपाल में बच्चे ठिठुरते हुए नहीं जाएंगे स्कूल, सोमवार से बदल जाएगा सभी स्कूलों का समय
मौसम विभाग ने मध्यप्रदेश में कड़ाके की सर्दी और कोहरे को लेकर जारी किया अलर्ट. नर्सरी से 8वीं तक के स्कूलों के समय में बदलाव.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : January 4, 2026 at 8:36 PM IST
|Updated : January 4, 2026 at 9:56 PM IST
भोपाल: राजधानी सहित प्रदेश भर में कड़ाके की सर्दी और कोहरे की स्थिति देखने को मिल रही है. कड़ाके की सर्दी के बीच सोमवार से स्कूल खुलने जा रहे हैं, लेकिन शीतलहर को देखते हुए राजधानी भोपाल के सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूलों का समय बदल दिया गया है. राजधानी भोपाल में सोमवार से नर्सरी से लेकर कक्षा 8वीं तक के स्कूल सुबह 9.30 बजे के पहले नहीं खुलेंगे.
सुबह 9.30 बजे के पहले नहीं खुलेंगे स्कूल
मौसम विभाग के शीतलहर के अलर्ट के बाद भोपाल में स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है. भोपाल जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है. आदेश में कहा गया है कि तेज ठंड और घने कोहरे को देखते हुए भोपाल जिले में सोमवार से स्कूल सुबह साढ़े 9 बजे के बाद खुलेंगे. यह व्यवस्था सरकारी, प्राइवेट, सीबीएसई, आईसीएसई, अनुदान प्राप्त सभी स्कूलों पर लागू रहेगी.

36 जिलों के लिए जारी हुआ अलर्ट
मौसम विभाग ने 36 जिलों के लिए ठंड का तेज अलर्ट जारी किया है. इसमें दतिया, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी, ग्वालियर, सतना, पन्ना जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. इन जिलों में जबरदस्त घना कोहरा और कोल्ड-डे रहने की संभावना है. दतिया, छतरपुर, टीकमगढ़ में अति घना कोहरा और कोल्ड डे रहेगा. अति घना कोहरा ग्वालियर, सतना, पन्ना में देखने को मिलेगा. वहीं भिंड, मुरैना, रीवा, मऊगंज, जबलपुर, नरसिंहपुर में घना कोहरा तो राजगढ़, उमरिया समेत भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, नर्मदापुरम, इंदौर, उज्जैन, देवास, शाजापुर, आगर, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, श्योपुरकलां, सिंगरौली, सीधी, शहडोल, कटनी, दमोह, सागर, मैहर में मध्यम कोहरा रहेगा.
इसलिए पड़ रही तेज सर्दी
मौसम विभाग के मुताबिक पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी और वेस्टर्न डिस्टबेंस की वजह से मध्य प्रदेश में कड़ाके की सर्दी पड़ रही है. ठंडी हवाओं के चलते सुबह घना कोहरा और कोल्ड वेव का असर आने वाले दिनों में बना रहेगा. इसके अलावा जेट स्ट्रीम की रफ्तार 278 किलो मीटर तक पहुंचने की वजह से भी ठंडी हवाएं चल रही हैं. मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक सर्दी के मौसम में जमीन से करीबन 12.6 किलोमीटर और उससे ऊंचाई पर तेज हवा चलती है. इसकी रफ्तार 295 किलोमीटर प्रति घंटा तक भी पहुंच जाती है. अभी यह देश के उत्तर हिस्से में एक्टिव है. वेस्टर्न डिस्टरवेंस के बीच जेट स्ट्रीम की रफ्तार बढ़ने से सर्दी और तेज हो जाती है.
- घने कोहरे की चपेट में मध्य प्रदेश, सर्दी से कांपा पूरा शहडोल, शीतलहर का सितम
- बुंदेलखंड का कश्मीर बना छतरपुर, न दिन में धूप ना रात में चैन, 5 डिग्री से नीचे पहुंचा तापमान
'3 दिन बाद ही मिलेगी हल्की राहत'
मौसम वैज्ञानिक दिव्या ई श्रीधरन के मुताबिक "अगले 3 दिनों तक घने कोहरे और कड़ाके की सर्दी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। प्रदेश के कई जिलों में अति घना कोहरा और कोल्ड डे की चेतावनी जारी की है. खासतौर से ग्वालियर, दतिया और छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी क्षेत्र में कोहरा और कड़ाकी की सर्दी अभी जारी रहेगी. 8 जनवरी से इन जिलों सहित प्रदेश भर में घने कोहरे से राहत मिलेगी. इससे दिन के तापमान में बढ़ोत्तरी होगी, लेकिन रात के तापमान में गिरावट जारी रहेगी."

