फर्जी IAS तृप्ति सिंह पर चौथी FIR, MPT का होटल लीज पर दिलाने के नाम पर 50 लाख ठगे
ट्रेनी आईएएस अफसर बता ठगने वाली तृप्ति सिंह के चौंकाने वाले कारनामे. पूरा नेटवर्क खंगालेगी पुलिस. आबिद मुमताज की रिपोर्ट.


By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : September 2, 2026 at 7:33 PM IST
भोपाल : खुद को ट्रेनी IAS अधिकारी और मध्य प्रदेश पर्यटन विभाग (MPT) में एडिशनल डायरेक्टर बताकर लोगों से ठगी करने की आरोपी तृप्ति सिंह पर शिकंजा कसता जा रहा है. उसके खिलाफ अब भोपाल के बागसेवनिया थाने में एक और FIR दर्ज हुई है. यह बागसेवनिया थाने में तृप्ति के खिलाफ दर्ज दूसरी FIR है, जबकि अशोकनगर में पहले से दर्ज दो मामलों को मिलाकर उसके खिलाफ कुल चार FIR हो चुकी हैं. भोपाल पुलिस तृप्ति सिंह को प्रोडक्शन रिमांड पर लेने अशोकनगर रवाना हो गयी है.
महिला के साथ उसका भाई और एक अन्य युवक
फर्जी लेडी IAS तृप्ति सिंह पर MPT में होटल लीज दिलाने का झांसा देकर 50 लाख की ठगी का आरोप है. पुलिस के अनुसार तृप्ति सिंह ने अपने भाई सुधांशु सिंह और साथी प्रखर के साथ मिलकर सिवनी निवासी एक व्यक्ति को मध्य प्रदेश टूरिज्म (MPT) में होटल लीज पर दिलाने का झांसा दिया और उससे करीब 50 लाख रुपए ले लिए. लंबे समय तक होटल की लीज नहीं मिलने पर उसे शक हुआ. जब उसने आरोपियों के बारे में जानकारी जुटाई तो तृप्ति के IAS अधिकारी होने का दावा भी संदिग्ध लगा.

सिवनी के शख्स से ठगे 50 लाख
सिवनी निवासी गगन उपवंशी ने बागसेवनिया थाने में शिकायत की है. गगन उपवंशी का आरोप है "उसकी पहचान तृप्ति सिंह, उसके भाई सुधांशु सिंह और प्रखर से हुई थी. आरोपियों ने खुद को प्रभावशाली अधिकारी बताते हुए मध्यप्रदेश टूरिज्म में होटल लीज पर दिलाने का भरोसा दिलाया. तृप्ति ने खुद को ट्रेनी IAS और MPT में एडिशनल डायरेक्टर बताया. उसके भाई और साथी ने भी इसी पहचान और प्रभाव के आधार पर फरियादी को विश्वास में लिया. इसके बाद होटल लीज की प्रक्रिया कराने के नाम पर उससे करीब 50 लाख रुपए लिए."
पड़ताल करने पर पीड़ित को हुआ शक
फ़र्ज़ी लेडी IAS द्वारा रकम लेने के बावजूद काफी समय बीतने के बाद भी होटल लीज पर नहीं मिला. जब गगन ने आरोपियों से रकम और लीज की प्रक्रिया को लेकर जानकारी मांगी तो उसे संतोषजनक जवाब नहीं मिला. होटल लीज नहीं मिलने के बाद फरियादी को आरोपियों पर संदेह हुआ. उसने तृप्ति सिंह के IAS अधिकारी होने और MPT में पदस्थ होने की जानकारी जुटाई.
पड़ताल में उसे पता चला कि तृप्ति के IAS अधिकारी होने का दावा सही नहीं है. इसके बाद गगन ने बागसेवनिया पुलिस से शिकायत की. पुलिस ने शिकायत की जांच के बाद मंगलवार देर रात तृप्ति सिंह, उसके भाई सुधांशु सिंह और साथी प्रखर के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में FIR दर्ज की.
बालाघाट के व्यक्ति से 35 लाख ठगे
तृप्ति सिंह के खिलाफ बागसेवनिया थाने में यह दूसरी FIR है. इससे पहले बालाघाट निवासी एक फरियादी की शिकायत पर पुलिस तृप्ति सिंह, सुधांशु सिंह, प्रखर सिंह और अन्य सहयोगियों के खिलाफ 39.17 लाख रुपए की ठगी का मामला दर्ज कर चुकी है. आरोप है कि तृप्ति ने खुद को ट्रेनी IAS और MPT में एडिशनल डायरेक्टर बताकर होटल-रिसोर्ट लीज पर दिलाने और नौकरी लगवाने का भरोसा दिया था. आरोपियों ने होटल-रिसोर्ट की लीज दिलाने के नाम पर 35.30 लाख रुपए और नौकरी लगवाने के नाम पर 3.87 लाख रुपए लिए थे. इस तरह कुल 39.17 लाख रुपए लिए गए.
- महिला ने खुद को ट्रेनी IAS बताकर ठग लिए 39.17 लाख, भोपाल में FIR दर्ज
- मध्य प्रदेश में सीएम से लेकर हाईकोर्ट तक के फर्जी लेटर, कहीं ट्रांसफर तो कहीं कोर्ट केस रुकवाने की कोशिश
रिमांड पर लेने की तैयारी में पुलिस
पुलिस के मुताबिक रकम लेने के बाद तृप्ति ने केवल करीब एक लाख रुपए ऑनलाइन वापस किए थे. तृप्ति फिलहाल अशोकनगर पुलिस की कार्रवाई के चलते वहां है. भोपाल पुलिस उसे पूछताछ के लिए प्रोडक्शन रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है. बागसेवानिया थाना प्रभारी अमित सोनी ने बताया "पूछताछ के दौरान ठगी के तरीके, रकम के इस्तेमाल और इस पूरे नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों के बारे में भी महत्वपूर्ण जानकारी सामने आ सकती है. पूछताछ में पुलिस होटल लीज के नाम पर ली गई करीब 50 लाख रुपए की रकम, रकम के लेन-देन, कथित फर्जी पद और पहचान के इस्तेमाल और उसके भाई और साथी की भूमिका के संबंध में जानकारी जुटाएगी."

