ETV Bharat / state

हवाई मार्ग से कनेक्ट हुए भोपाल और नोएडा, 72 सीटर इंडिगो की नई उड़ान सेवा शुरू

भोपाल से नोएडा की कम हुई दूरी, इंडिगो की नई उड़ान सेवा शुरू, पहली उड़ान को वाटर कैनन से दी गई सलामी.

NOIDA BHOPAL FIRST FLIGHT WELCOME
हवाई मार्ग से कनेक्ट हुए भोपाल और नोएडा (Source: IANS)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : July 2, 2026 at 5:00 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

भोपाल: राजधानी के राजा भोज एयरपोर्ट पर बुधवार को ऐतिहासिक पल देखने को मिला, जब नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से आई इंडिगो की पहली सीधी फ्लाइट का वाटर कैनन से सलामी देकर भव्य स्वागत किया गया. बता दें कि इस नई हवाई सेवा के शुरू होने से भोपाल और दिल्ली-एनसीआर के बीच सफर करने वाले यात्रियों को तेज, सुविधाजनक और बेहतर कनेक्टिविटी का नया विकल्प मिल गया है. हालांकि पहले दिन यात्रियों की संख्या कम रही, लेकिन एयरलाइन और एयरपोर्ट प्रबंधन को इस रूट पर अच्छा रिस्पांस मिलने की उम्मीद है.

पहली उड़ान का भोपाल में भव्य स्वागत

एयरपोर्ट अथारिटी के अधिकारियों ने बताया कि नोएडा से उड़ान भरकर जैसे ही इंडिगो का विमान भोपाल पहुंचा, एयरपोर्ट पर उसका पारंपरिक वाटर कैनन सलामी के साथ स्वागत किया गया. इस मौके पर एयरपोर्ट प्रशासन ने विशेष व्यवस्थाएं की थीं. पहली उड़ान से नोएडा से 41 यात्री भोपाल पहुंचे, जबकि भोपाल से 12 यात्रियों ने इस नई सेवा के जरिए नोएडा के लिए यात्रा शुरू की. पहले दिन यात्रियों की संख्या अपेक्षाकृत कम रही, लेकिन आने वाले दिनों में इसमें बढ़ोतरी की संभावना जताई जा रही है.

पहली उड़ान को वाटर कैनन से दी गई सलामी (ETV Bharat)

72 सीटर विमान से होगी सुरक्षित यात्रा

इंडिगो ने इस रूट पर 72 सीटों वाले एटीआर विमान को तैनात किया है. शेड्यूल के अनुसार उड़ान संख्या 6ई-7653 शाम 5.20 बजे नोएडा से उड़ान भर कर शाम 6.50 बजे भोपाल पहुंचेगी. वहीं, वापसी की उड़ान 6ई-7654 शाम 7.10 बजे भोपाल से उड़ान भरकर रात 9.25 बजे नोएडा पहुंचेगी. फिलहाल इस रूट पर एक तरफ का किराया करीब 4,600 रुपये रखा गया है.

दिल्ली-एनसीआर के यात्रियों को मिलेगा बड़ा फायदा

भोपाल और नोएडा के बीच सीधी हवाई सेवा शुरू होने से दिल्ली-एनसीआर आने-जाने वाले यात्रियों को बड़ा लाभ मिलेगा. पहले से भोपाल और दिल्ली के बीच एयर इंडिया की दो तथा इंडिगो की तीन उड़ानें संचालित हो रही हैं. अब नोएडा एयरपोर्ट के जुड़ने से यात्रियों के पास एक अतिरिक्त और सुविधाजनक विकल्प उपलब्ध हो गया है.

NOIDA BHOPAL FIRST FLIGHT WELCOME
भोपाल का राजा भोज एयरपोर्ट (ETV Bharat)

ये भी पढ़ें:

कनेक्टिंग फ्लाइट्स से बढ़ेगी सुविधा

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से देश और विदेश के कई शहरों के लिए कनेक्टिंग फ्लाइट्स उपलब्ध हैं. ऐसे में भोपाल के यात्रियों को आगे की यात्रा के लिए बेहतर नेटवर्क मिलेगा. इस नई सेवा से यात्रा का समय कम होगा, साथ ही यात्रियों को सुविधाजनक और किफायती सफर का लाभ भी मिलेगा. एयरलाइन और एयरपोर्ट प्रबंधन को उम्मीद है कि आने वाले समय में इस रूट पर यात्रियों की संख्या तेजी से बढ़ेगी.