भोपाल में काल बनकर दौड़ी तेज रफ्तार कार, 3 किलोमीटर तक मचाया तांडव, कई पहुंचे अस्पताल
भोपाल में नशे में धुत कार चालक ने तेज रफ्तार कार से आधा दर्जन लोगों को रौंद दिया. पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : January 6, 2026 at 7:17 PM IST
भोपाल: प्रदेश की राजधानी भोपाल में तेज रफ्तार कार का कहर देखने को मिला. रंगमहल चौराहे पर एक बेकाबू कार ने सड़क पर चल रहे कई लोगों और वाहनों को टक्कर मार दी. हादसे में लगभग 6 से 7 लोग घायल हो गए. सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए जेपी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. पुलिस ने कार चालक को हिरासत में ले लिया है.
3 किमी तक मची अफरा-तफरी
प्रत्यक्षदर्शी अनूप और संजीव ने बताया कि "कार चालक ने करीब 3 किलोमीटर तक तेज रफ्तार में वाहन दौड़ाते हुए रास्ते में आने वाले कई गाड़ियों और लोगों को टक्कर मार दी. इस दौरान सड़क पर अफरा-तफरी मच गई. कई दोपहिया और चार पहिया वाहन क्षतिग्रस्त हो गए, राह चलते लोग कार की चपेट में आ गए. कार चालक की पहचान हरीश मालवीय के रूप में हुई है जो नशे में वाहन चला रहा था."
दुर्घटना के बाद डिवाइडर पर चढ़ी कार
भोपाल के टीटी नगर इलाके में उस समय अफरा तफरी मच गई जब एक कार ने अपना नियंत्रण खो दिया. कार ड्राइवर हरीश मालवीय नशे में धुत था और वाहन पर उसका नियंत्रण पूरी तरह से खो गया था. टक्कर मारने के बाद कार डिवाइडर पर चढ़ गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार चालक को हिरासत में ले लिया.

- इंदौर में ट्रक ने बाइक सवार दंपत्ति को कुचला, सामने आया दर्दनाक वीडियो
- मैहर में भीषण दुर्घटना, अस्थि विसर्जन करने जा रहे 3 लोगों की मौत, 12 घायल
टीटी नगर थाने के उपनिरीक्षक राघवेंद्र सिंह सीकरवार ने बताया कि "कार नानके पेट्रोल पंप से जवाहर चौक की तरफ जा रही थी. कार चालक हरीश मालवीय शराब के नशे मे धुत था. पुलिस आरोपी के खिलाफ अब हिट एन्ड रन का मामला दर्ज करने की तैयारी कर रही है. घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भेजा गया, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था को सामान्य कराया और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटा दिया है. पुलिस घटनास्थल के पास मौजूद सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है. ताकि पूरे घटनाक्रम की सही जानकारी सामने आ सके. फिलहाल पुलिस आरोपी के खिलाफ नशे में वाहन चलाने, लापरवाही और जानलेवा ड्राइविंग जैसी धाराओं में मामला दर्ज कर जांच में जुट गई है."

