सवा 3 बजे ऐसा क्या हुआ कि एक झटके में दे दिया इस्तीफा, सुनिए खुद हेमंत कटारे की जुबानी
मध्य प्रदेश विधानसभा में उपनेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे ने पद से इस्तीफा देने की इनसाइड स्टोरी खुद मीडिया को सुनाई.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : February 23, 2026 at 6:26 PM IST
भोपाल : उपनेता प्रतिपक्ष पद से इस्तीफे की हेमंत कथा के सारे पन्ने आखिरकार हेमंत कटारे ने ही खोले. जब कांग्रेस अध्य़क्ष अब भी उन्हें उपनेता बता रहे हैं, तब हेमंत कटारे की दलील है "उनकी नियुक्ति एआईसीसी से हुई है. मल्लिकार्जुन खड़गे ने उनकी नियुक्ति की है और उन्हीं के पास इस मामले में सारे अधिकार सुरक्षित हैं." हेमंत कटारे ने इस्तीफा वापस नहीं लिया. लेकिन सदन में सवा 3 बजे ऐसा क्या हुआ कि जिसके बाद मिनट भर भी नहीं सोचा और सदन से बाहर निकलते ही इस्तीफा भेज दिया.
हेमंत कटारे ने खुद बताया इस्तीफा देने का राज
उपनेता प्रतिपक्ष के पद से हेमंत कटारे ने इस्तीफे की पुष्टि खुद कर दी और ये भी साफ कर दिया कि वे इस्तीफा वापस नहीं ले रहे. लेकिन कांग्रेस छोड़कर नहीं जाएंगे. मीडिया से बातचीत में हेमंत कटारे ने कहा "मेरी नियुक्ति अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की ओर से हुई है. मेरी नियुक्ति कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने की है और सारे अधिकार उनके पास सुरक्षित हैं. प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी ने सारा स्पष्टीकरण दे दिया है."
कटारे ने साफ कर दिया "उन्होंने इस बारे में शाम को ही नेता प्रतिपक्ष को भी सूचित कर दिया था और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी जो उस समय दिल्ली में थे, उन्हे भी सूचना दे दी थी."
इस्तीफा देने से पहले की मनोदशा
हेमंत कटारे के मुताबिक "उनके इस्तीफे का फैसला कुछ मिनटों में हुआ निर्णय है. 7 दिन पहले उनका शताब्दी में रिजर्वेशन हो चुका था. उन्हें सवा 3 बजे शताब्दी से जाना था. लेकिन वे नहीं जा सके. सवा 3 बजे से पहले तक कोई ऐसा भाव नहीं था. लेकिन मुझे जहां पहुंचना था, वहां नहीं जा पाया तो ये भाव उत्पन्न हुआ कि मैं कहीं भी पूर्ण रूप से समय नहीं दे पा रहा हूं. ना अपने परिवार को, ना अपनी विधानसभा को. इसलिए मैंने ये फैसला लिया."

कटारे ने स्पष्ट किया "ये जो अटकलें शुरू हो गई कि मैं बीजेपी में जा रहा रहूं ये पूरी तरह से गलत हैं. मेरी पार्टी ने इतनी कम उम्र में जो मुझे सम्मान दिया, उसका ताउम्र ऋणी रहूंगा. आजीवन अपनी पार्टी का पूरी ताकत से साथ दूंगा."
- हेमंत कटारे ने उपनेता प्रतिपक्ष से दिया इस्तीफा, लिखा-परिवार और क्षेत्र में नहीं दे पा रहा समय
- कड़ाके की ठंड में NH 719 में संतों का जमावड़ा, खबर सुन तुरंत पहुंचे कांग्रेस विधायक
हेमंत कटारे क्या करेंगे ये उन्हें तय करने दीजिए
हेमंत कटारे ने मीडिया के सवालों के जवाब में कहा "आपके गंभीर प्रश्न से पहले मेरा गंभीर उत्तर सुन लीजिए. हेमंत कटारे भविष्य में क्या करेंगे, ये उन्हें तय करने दीजिए. जब से मैंने राजनीति में कदम रखा है, बीजेपी में जाने का विचार भी नहीं आया. बीजेपी से नीतिगत लड़ाई में मैं हमेशा सबसे आगे मिलूंगा. ये दमदारी मुझे अपने पिता से मिली है. सदन हो या सड़क हो, मेरी लड़ाई बीजेपी के खिलाफ जारी रहेगी."

