ETV Bharat / state

साइक्लोथॉन के जरिए कांग्रेस बदलेगी मध्य प्रदेश का ऐजुकेशन सिस्टम! सरकारी स्कूलों का सच आएगा सामने

मध्यप्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को लेकर कांग्रेस ने की मोहन सरकार को घेरने की तैयारी. संभाग स्तर पर होंगी साइकिल रैली. ब्रिजेन्द्र पटैरिया की रिपोर्ट.

MP CONGRESS EDUCATION CAMPAIGN
साइक्लोथॉन के जरिए कांग्रेस बदलेगी मध्य प्रदेश का ऐजुकेशन सिस्टम! (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : August 20, 2026 at 5:39 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

भोपाल: दिल्ली में हुए छात्र आंदोलन के बाद अब कांग्रेस मध्य प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था को लेकर सरकार को घेरने की तैयारी कर रही है. कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने पंचायत स्तर तक के कार्यकर्ताओं को स्कूलों में दस्तक देने और उसकी स्थिति को सोशल मीडिया के जरिए मुख्यमंत्री मोहन यादव तक पहुंचाने के निर्देश दिए हैं.

कांग्रेस प्रदेश कार्यालय में मीडिया से रूबरू हुए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सरकार पर भी निशाना साधा है, उन्होंने तंज कसते हुए कहा, "प्रदेश में बीजेपी ऐसी ट्रेन है, जिसमें डिब्बे कहते हैं कि इंजन को बदल दो, जबकि इंजन कहता है कि डिब्बे बदल दूंगा. बीजेपी के बड़े-बड़े नेता मुख्यमंत्री मोहन यादव के खिलाफ दिल्ली जाते हैं और इधर, मुख्यमंत्री मंत्रिमंडल में बदलाव की बात करते हैं."

सरकारी स्कूलों की स्थिति जांचेगी कांग्रेस (ETV Bharat)

'सरकारी स्कूलों की स्थिति जांचेगी कांग्रेस'

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा, "दिल्ली में कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक में कई मुद्दों पर चर्चा हुई है. बैठक के बाद निर्णय किया गया है कि प्रदेश भर में शिक्षा व्यवस्था को लेकर अभियान चलाया जाएगा. इसके तहत कांग्रेस नेता प्रदेश भर के स्कूल-कॉलेजों में पहुंचेंगे."

जीतू पटवारी ने कहा, "प्रदेश में स्कूल शिक्षा की जिस तरह की स्थिति बनी हुई है, उसको देखकर हमें शर्म आनी चाहिए. इसमें सुधार की जरूरत है. सभी को दिशा में विचार करना चाहिए. कांग्रेस पार्टी सरकार से आग्रह करती है कि प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को लेकर सरकार श्वेत पत्र जारी करे और इसमें सुधार के लिए जरूरी कदम उठाए. सरकार को बताना चाहिए कि प्रदेश की स्कूली और उच्च शिक्षा की बेहतरी के लिए सरकार ने क्या किया."

'संभाग स्तर पर होंगी साइकिल रैली'

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा, "प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को लेकर कांग्रेस इंदौर से भोपाल के बाद अब सभी संभागों में साइकिल रैली निकालेगी. इस साइकिल रैली में प्रदेश के तमाम बड़े नेता शामिल होंगे. इस साइकिल रैली के जरिए शिक्षा व्यवस्था को लेकर सरकार के सामने सवाल खड़े किए जाएंगे."

जीतू पटवारी ने कहा, "कांग्रेस प्रदेश के सरकारी स्कूलों की जमीनी स्थिति सरकार को दिखाएगी. इसके लिए सभी पंचायत कमेटी से लेकर ब्लॉक, मंडल तक के पदाधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं. कांग्रेस सरकारी स्कूलों की स्थिति सोशल मीडिया पर दिखाएगी और सरकार तक भी पहुंचाएगी. इसके अलावा पार्टी जल्द ही सरकार के विभागों का भ्रष्टाचार भी जल्द उजागर करने जा रही है."