ETV Bharat / state

भोपाल में बॉय फ्रेंड ने की गर्ल फ्रेंड की हत्या, दूसरी मंजिल से धक्का देकर उतारा था मौत के घाट

भोपाल में कॉलेज छात्रा की मौत से पुलिस ने उठाया पर्दा, जेपी अस्पताल में छोड़कर फरार हुए दोस्त पर लगा हत्या का आरोप.

BHOPAL COLLEGE GIRL DIES
छत से गिरकर हुई छात्रा की मौत से उठा पर्दा (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : January 10, 2026 at 5:26 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

भोपाल: चूनाभट्टी थाना क्षेत्र में बिल्डिंग से गिरकर हुई कॉलेज छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है. जांच के बाद पुलिस ने छात्रा के दोस्त कपिल तुषार के खिलाफ युवती की हत्या का मामला दर्ज किया है. जांच में पुलिस को पता चला कि आरोपी ने उसे इमारत की दूसरी मंजिल से धक्का देकर मौत के घाट उतार दिया था. फिलहाल, आरोपी घटना के दिन से फरार चल रहा है और पुलिस उसकी तलाश में जगह-जगह दबिश दे रही है.

अस्पताल में शव छोड़कर भागा युवक

चूनाभट्टी पुलिस के अनुसार,"बीते बुधवार 7 जनवरी को चूनाभट्टी इलाके में छात्रा प्रिया मेहरा की छत से गिरकर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. जिसे मृत अवस्था में लेकर युवक जेपी अस्पताल पहुंचा था, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद युवती को मृत घोषित कर दिया था. वहीं जो युवक उसे अस्पताल लेकर पहुंचा था. वह उसे वहीं छोड़कर फरार हो गया. मामला संदिग्ध लगने पर अस्पताल प्रबंधन द्वारा पुलिस को सूचना दी गई कि एक युवक मृत हालत में युवती को लेकर आया था और अब वह फरार है."

आरोपी दोस्त की तलाश में जुटी पुलिस (ETV Bharat)

शव को सड़क पर रख किया चक्काजाम

एडिशनल डीसीपी मलकीत सिंह ने बताया, "पुलिस को जेपी अस्पताल से सूचना मिली थी कि एक युवती को मृत अवस्था में लाया गया है. युवती के शरीर पर भी चोटों के निशान पाए गए थे, जिससे मामला संदिग्ध प्रतीत हुआ. शुरुआत में पुलिस छत से गिरने से हुई दुर्घटना मानकर जांच कर रही थी. इस बीच 2 दिन पहले मृतका के परिजनों ने कोलार थाना क्षेत्र के दानिश कुंज चौराहे पर शव रखकर चक्का जाम किया था. परिजनों का आरोप था कि प्रिया का अपहरण कर उसकी हत्या की गई है और मामले को हादसे का रूप देने की कोशिश की गई है. वहीं पुलिस ने सभी एंगल को ध्यान में रखकर जांच की है."

कॉलेज जाने का कहकर निकली थी युवती

चूनाभट्टी थाना प्रभारी धर्मेंद्र मौर्य ने बताया,"जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि ईश्वर नगर की रहने वाली 22 वर्षीय प्रिया नूतन कॉलेज में बीए फाइनल ईयर में पढ़ाई करती थी. वह रोजाना की तरह बुधवार 7 जनवरी को कॉलेज जाने का कहकर घर से निकली थी. लेकिन वह कॉलेज जाने के बजाय अपने दोस्त कपिल तुषार के पास पालिका कॉलोनी चली गई. यहां एक मकान की छत से गिरने के बाद उसकी मौत हो गई."

फरार आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

एसीपी अक्षय चौधरी ने बताया, "जांच में पता चला कि प्रिया मेहरा और आरोपी कपिल तुषार को घटना वाले दिन एक साथ देखा गया था. कपिल ही प्रिया को जेपी अस्पताल लेकर पहुंचा था और वहां से छोड़कर फरार हो गया था, जब से ही कपिल पर शक की सुई घूम रही थी. मृतका का दोस्त तुषार पहले उसका पड़ोसी था. वह भी ईश्वर नगर में रहता था. वहीं मृतका के परिजनों ने कपिल तुषार पर पिछले 1 साल से प्रिया को परेशान करने का आरोप लगाया था. फिलहाल पुलिस आरोपी कपिल तुषार को ढूंढ रही है और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर हत्या का केस दर्ज कर लिया है."