ETV Bharat / state

भोपाल के लिंक रोड नंबर एक पर सिटी बस में भड़की आग, यात्रियों ने कूदकर बचाई जान

भोपाल में शनिवार सुबह बड़ा हादसा होते-होते टला. एम्स से बैरागढ़ की ओर जा रही सिटी में आग लगने से अफरातफरी.

Bhopal city bus service
बस ड्राइवर की सूझबूझ से बची यात्रियों की जान (ETV BHARAT)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : November 15, 2025 at 2:35 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

भोपाल : राजधानी भोपाल में नगर निगम की होल्डिंग कंपनी बीसीएलएल यानि भोपाल सिटी लिंक लिमिटेड द्वारा संचालित लो-फ्लोर बस में अचानक आग भड़कने से हड़कंप मच गया. न्यू मार्केट की ओर जा रही सिटी बस में लिंक रोड नंबर एक पर अचानक आग लग गई. बस से उठते धुएं को देख यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई. यह देख बस चालक ने भी स्पीड कर कम दी, लेकिन इससे पहले ही यात्री बस से कूदने लगे. हालांकि बाद में बस में लगी आग बुझा ली गई.

ड्राइवर की सूझबूझ से बची यात्रियों की जान

नगर निगम में एमआईसी मेंबर और बीसीएलएल के प्रभारी मनोज राठौर ने बताया "ये बस टीआर-4 रूट पर बैरागढ़ से एम्स तक चलती है. शनिवार सुबह यह बस बोर्ड आफिस से न्यू मार्केट की तरफ जा रही थी. इस बीच लिंक रोड नंबर एक पहुंचे ही बस से अचानक धुंआ निकलने लगा. इसकी जानकारी मिलते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई. ड्राइवर ने सूझबूझ का परिचय देते हुए बस को साइड में लगाकर रोका और इसमें सवार यात्रियों को उतारा."

भोपाल के लिंक रोड नंबर एक पर सिटी बस में भड़की आग (ETV BHARAT)

घटना के समय बस में कम यात्री सवार थे

नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि बस के पिछले हिस्से में शॉर्ट सर्किट की वजह से धुंआ निकलने की बात सामने आ रही है. घटना की भनक लगते ही ड्राइवर ने बस को भी रोक दिया था. घटना के समय बस में ड्राइवर और कंडक्टर समेत 8 से 10 सवारियां मौजूद थीं. अच्छी बात यह रही कि उस समय बस में सवारियों की संख्या कम थी. अन्यथा भगदड़ जैसे हालात बन सकते थे.

नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि अभी इस मामले में कुछ भी कहना ठीक नहीं होगा. इस मामले की समुचित जांच कराई जाएगी. इसके बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी.

ट्रांसपोर्ट व्यवस्था कंडम, 368 में से 60 बस चल रही हैं

राजधानी भोपाल में सार्वजनिक परिवहन की व्यवस्था नगर निगम के पास होने के बाद भी जनता को कई मार्गों में बसें नहीं मिल रही हैं. मजबूरी में उन्हें ऑटो या कैब का सहारा लेना पड़ता है. बीते डेढ़ साल पहले तक नगर निगम क्षेत्र में करीब 368 बसों का संचालन किया जा रहा था. लेकिन इस समय करीब 60 बसों का संचालन हो रहा है. इसको लेकर नगर निगम परिषद की बैठक में विपक्ष के पार्षद और बसें चलाने की मांग भी कर चुके हैं.

शहर की अनुमानित आबादी करीब 7 लाख है. ऐसे में यहां सार्वजनिक परिहवन की आवश्यकता बढ़ गई है.