ETV Bharat / state

भोपाल में ATM से लाखों की ठगी, बिहार के 6 लोग गिरफ्तार, इंदौर में भी 40 लाख की हेराफेरी

भोपाल में एटीएम से छेड़छाड़ कर लाखों की ठगी करने वाले बिहार के 6 लोग गिरफ्तार. इंदौर में एटीएम में पैसे डालने वाले 2 कर्मचारी 40 लाख की हेराफेरी करने के मामले में गिरफ्तार.

BHOPAL INDORE ATM DEFRAUDED
भोपाल और इंदौर में ATM से लाखों की ठगी (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : July 7, 2026 at 5:51 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

भोपाल: शाहपुरा थाना क्षेत्र के 5 एटीएम में तकनीकी छेड़छाड़ कर लाखों रुपये की ठगी करने वाले बिहार के 6 सदस्यीय गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है. आरोपियों ने एटीएम मशीनों में शटर टेपरिंग की तकनीक अपनाकर करीब 15 दिनों के भीतर 5 अलग-अलग एसबीआई एटीएम से लगभग 5 लाख रुपये निकाल लिए. इससे एक बार फिर एटीएम की सुरक्षा पर प्रश्न चिन्ह लग गया.

5 एटीएम से 5 लाख की ठगी

भोपाल के शाहपुरा इलाके में 5 एटीएम में सेंध लगाकर 5 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है. जांच में सामने आया कि बिहार के 6 सदस्यीय गिरोह ने इन वारदातों को अंजाम दिया है

पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने बताया, "गिरोह के पास एक विशेष मास्टर-की थी, जिसकी मदद से आरोपी एटीएम के अंदर लगे कैश ट्रे को टेढ़ा कर देते थे. इसके बाद जब कोई ग्राहक एटीएम से पैसे निकालता था तो नकदी मशीन में ही फंस जाते थे. बाद में आरोपी उसी फंसी हुई राशि को निकालकर फरार हो जाते थे. इस पूरी वारदात में एटीएम को नुकसान भी पहुंचाया गया."

बिहार का 6 सदस्यीय गिरोह गिरफ्तार (ETV Bharat)

मामले का खुलासा तब हुआ जब एटीएम सुरक्षा कंपनी के अधिकारियों ने मशीनों में लगातार हो रही छेड़छाड़ और कैश की गड़बड़ी देखी. उनकी शिकायत पर शाहपुरा थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एटीएम से छेड़छाड़, चोरी और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया.

बिहार का 6 सदस्यीय गिरोह गिरफ्तार

पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने बताया, "मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच की. जांच के दौरान पुलिस ने एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें आरोपी वारदात को अंजाम देते हुए दिखाई दिए. फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर 6 आरोपियों की पहचान की गई और उन्हें अयोध्या नगर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया."

'कम भीड़ वाले एटीएम को बनाते थे निशाना'

पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने बताया, "पूछताछ में सामने आया कि गिरफ्तार 6 आरोपियों में से 4 करीब 20 दिन पहले ही बिहार से भोपाल आए थे. गिरोह सुनियोजित तरीके से शहर के विभिन्न एसबीआई एटीएम की रेकी करता था और कम भीड़ वाले एटीएम को निशाना बनाता था. यह पता लगाया जा रहा है कि उन्होंने भोपाल के अलावा अन्य शहरों में भी इसी तरह की वारदातों को अंजाम दिया है या नहीं. पुलिस गिरोह के आपराधिक रिकॉर्ड और उनके अन्य साथियों की भी जानकारी जुटा रही है."

INDORE ATM EMPLOYEES STOLEN 40 LAKH
इंदौर में एटीएम में पैसा डालने वाले 2 लोग गिरफ्तार, 40 लाख की हेराफेरी (ETV Bharat)

इंदौर में एटीएम में पैसा डालने वाले 2 लोग गिरफ्तार

इंदौर की लसुड़िया पुलिस ने एटीएम मशीन में पैसा डालने वाले 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के द्वारा बैंक एटीएम में पैसा डालने के दौरान पैसों की हेरा फेरी की गई थी. बैंक ने जब ऑडिट रिपोर्ट निकली तो उसमें तकरीबन 40 लाख रुपए की दोनों आरोपियों ने हेराफेरी की थी.

एटीएम में पैसे डालने वाले 2 लोगों ने की 40 लाख की हेराफेरी

एडिशनल डीसीपी अमरेंद्र सिंह ने बताया, "बैंक एटीएम में पैसे डालने वाली संबंधित एजेंसी के प्रबंधक के द्वारा यह शिकायत की गई थी कि उनके द्वारा 2 कर्मचारी दीपक और अभिषेक को इंदौर शहर के अलग-अलग बैंकों के एटीएम में पैसे डालने की जवाबदारी दी गई थी. पिछले 6 महीने की जब ऑडिट रिपोर्ट निकाली गई तो 40 लाख रुपए की हेराफेरी प्रारंभिक तौर पर होना मिली है.

ऑनलाइन गेम में रुपए हारने के कारण की ठगी

एडिशनल डीसीपी अमरेंद्र सिंह ने बताया, "लसूडिया पुलिस ने संबंधित दोनों कर्मचारी दीपक और अभिषेक को पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया है. आरोपियों ने प्रारंभिक तौर पर तो किसी तरह की कोई जानकारी नहीं दी लेकिन जब उनसे सख्ती से पूछताछ की तो उनके द्वारा बताया गया कि वह ऑनलाइन गेम में काफी रुपया हार गए थे और कुछ रुपया आईपीएल मैच में भी हार गए थे.

इसी पैसे की भरपाई करने के लिए उन्होंने इस तरह की हेराफेरी की थी. पकड़े गए दोनों आरोपियों के पास से 2 लाख रुपए बरामद किए हैं तो वहीं 38 लाख रुपए की रिकवरी की जाना है."