औकातबाजी के बाद बोले कैलाश विजयवर्गीय- कभी कभी गुस्सा आ जाता है, ज्योतिषी को दिखाना पड़ेगा
विधानसभा में संसदीय कार्य मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के बीच गर्मागर्म बहस के बाद आपत्तिजनक बयानबाजी.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : February 20, 2026 at 12:36 PM IST
|Updated : February 20, 2026 at 12:56 PM IST
भोपाल : मध्य प्रदेश विधानसभा में बजट सत्र के दौरान गुरुवार को सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच हुए बवाल का असर अगले दिन शुक्रवार को भी दिखाई दिया. अदाणी, भागीरथपुरा कांड और लाड़ली बहना योजना को लेकर कांग्रेस ने विधानसभा में सवाल उठाए. राज्यपाल के अभिभाषण पर कृतज्ञता ज्ञापन प्रस्ताव के बाद हुए हंगामे के गूंज सड़क पर देखने को मिली.
कैलाश विजयवर्गीय व उमंग सिंघार के बीच औकातबाजी जैसे बयानों के बाद मामला गर्म है. मुख्यमंत्री मोहन यादव व कैलाश विजयवर्गीय द्वारा खेद प्रकट करने के बाद भी मामला शांत नहीं हो पा रहा है. अब कैलाश विजयवर्गीय ने स्वीकार किया है "उन्हें कभी-कभी गुस्सा आ जाता है, किसी ज्योतिषी को दिखाना पड़ेगा."
विजयवर्गीय व सिंघार के बीच औकातबाजी
कांग्रेस ने बजट को ख्याली पुलाव बताया. फिर सदन में अदाणी को लेकर बहस छिड़ी. नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने आरोप लगाते हुए कहा "सरकार बिजली खरीद के नाम पर एक से सवा लाख करोड़ रुपए देने की तैयारी में है." उमंग सिंघार के बयान के बाद संसदीय मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने सबूत मांग लिए.
बहस तेज हुई. हंगामा हुआ. इसके बाद कैलाश विजयवर्गीय के "औकात में रहो" के बयान ने माहौल को गर्मा दिया. इस पर नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भी जोरदार पलटवार किया.
कांग्रेस विधायक ने विजयवर्गीय को बताया घंटा मंत्री
विधानसभा में मर्यादाहीन बयानों के बाद कैलाश विजयवर्गीय ने कहा "वह अपने व्यवहार से प्रसन्न नहीं हैं." विजयवर्गीय ने दुःख भी व्यक्त किया. इसके बाद मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने भी खेद जताया. लेकिन लगता है मुख्यमंत्री व संसदीय कार्य मंत्री द्वारा खेद व्यक्त करने के बाद भी कांग्रेस विधायकों को गुस्सा थमा नहीं है. अब कांग्रेस विधायक बाबू जंडेल का बयान भी सामने आया है. उन्होंने संसदीय मंत्री कैलाश विजयवर्गीय को घंटा मंत्री कह दिया.
- मध्य प्रदेश सरकार ने माना भागीरथपुरा में हुई 22 मौतें, मोहन यादव ने बढ़ाया मुआवजा
- खेतों में फैले मौत के तार, करंट से बाघ-तेंदुए ढेर, 10 साल के आंकड़ों ने उड़ाई सरकार की नींद
इस बार का बजट किसी काम का नहीं
श्योपुर के कांग्रेस विधायक बाबू जंडेल ने कहा "अदाणी की कंपनी मध्य प्रदेश में फर्जी है. नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार कंपनियों का नाम पूछ रहे थे. वह बजट पर बात कर रहे थे. इस बार का बजट बेकार है. न शिक्षा के लिए और ना ही स्वास्थ्य के लिए कुछ है. संसदीय मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और हमारे नेता प्रतिपक्ष से औकात की बात कर रहे थे."
कांग्रेस विधायक बाबू जंडेल ने कहा "कैलाश विजयवर्गीय गुंडागर्दी पर उतारू हैं. कैलाश विजयवर्गीय घंटा मंत्री हैं. उन्हें अपनी औकात के बारे में पता लगाना चाहिए. नेता प्रतिपक्ष की औकात बहुत तगड़ी है. वह विपक्ष का नेता है. प्रदेश की जनता की आवाज उठाता है."

