ईरानी डेरे में 5 मोस्ट वांटेड की तलाश, 6 राज्यों की पुलिस ने भोपाल में डाला डेरा
भोपाल में कई राज्यों की पुलिस टीमें डटी. अपराधियों का अड्डा बने ईरानी डेरा पर कड़ी निगाह. भोपाल पुलिस ने भी कसा शिकंजा.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : January 1, 2026 at 7:26 PM IST
भोपाल : राजधानी की अमन कॉलोनी स्थित ईरानी डेरा अब प्रशासन और पुलिस के सीधे निशाने पर आ गया है. संगठित अपराध, ठगी, लूट और फर्जी पुलिस बनकर वारदातों को अंजाम देने वाले ईरानी गिरोह के खिलाफ कार्रवाई तेज हो गई है. प्रशासन ने ईरानी डेरा को जमींदोज करने की प्लानिंग की है. क्योंकि प्रशासन को शक है कि ये सारी जमीन अवैध तरीके से कब्जाई गई है.
ईरानी डेरे के अपराध के तार 12 राज्यों तक
अपराध का अड्डा बना चुका ईरानी डेरा पर पुलिस के साथ ही जिला प्रशासन की भी नजर टेढ़ी हो चुकी है. ईरानी डेरा की जमीन की जांच शुरू हो गई है. भोपाल में 6 राज्यों की पुलिस डटी हुई है. ईरानी गिरोह का नेटवर्क सिर्फ मध्यप्रदेश तक सीमित नहीं है. गिरोह के तार देश के 12 राज्यों से जुड़े होना बताए जा रहे हैं. कई राज्यों की पुलिस टीमें मिलकर गिरोह के नेटवर्क, फरार आरोपियों और संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों की बारीकी से जांच कर रही हैं.
इन अपराधियों की तलाश में पुलिस
गिरोह का सरगना राजू ईरानी अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर है. पुलिस को आशंका है कि वह शहर या राज्य छोड़कर फरारी काट रहा है. उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है. सादिक, गुलाम, राजू, हैदर मामू की भी तकनीकी सर्विलांस के साथही पुराने संपर्कों की भी जांच की जा रही है. अमन कॉलोनी स्थित ईरानी डेरा की जमीन को लेकर राजस्व रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं.
ईरानी डेरे की जमीन की जांच
प्रशासन का मानना है कि इस जमीन पर अवैध कब्जा किया गया है. बिना अनुमति निर्माण किया गया है. सरकारी या विवादित भूमि पर डेरा बसाया गयाहै. यदि जांच में अवैध कब्जा साबित हुआ तो बुलडोजर कार्रवाई तय मानी जा रही है. भोपाल पुलिस कमिश्नर हरिनारायण चारी मिश्र का कहना है "ईरानी गैंग के लोगों पर पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है. किसी भी हालत में उनको बख्शा नहीं जायेगा."
- भोपाल में ईरानी गैंग के डेरे पर पुलिस की रेड, महिलाओं ने किया पथराव, 24 गिरफ्तार
- कंजर गिरोह अब हफ्ता वसूली पर उतरे, गुर्गे किए तैनात, व्यापारी-किसान टारगेट पर
बीतें दिनों ईरानी डेरे से 34 लोग गिरफ्तार हुए
भोपाल पुलिस कमिश्नर हरिनारायण चारी मिश्र ने बताया "6 राज्यों की पुलिस टीम भोपाल में है. ईरानी डेरे सहित जहां-जहां उनके छुपने के ठिकाने हैं, वहां दबिश दी जा रही है. कुछ दिन पहले निशातपुरा पुलिस ने भारी पुलिस बल के साथ ईरानी डेरे में दबिश दी थी. इस दौरान 10 महिलाएं सहित कुल 34 आरोपी गिरफ्तार हुए थे. बड़ी संख्या में बाइक और मोबाइल फोन, फर्जी पहचान पत्र और संदिग्ध दस्तावेज भी मिले थे. अपराध में महिलाओं की भूमिका की जांच की जा रही है."

