'जीजाजी की चिंता छोड़ा, अपना बटुआ मजबूत रखो', आजीविका सम्मेलन में मोहन यादव ने दिया मंत्र
भोपाल में आयोजित प्रदेश स्तरीय आजीविका विपणन कार्यशाला में मोहन यादव ने महिलाओं को दिया आर्थिक सशक्तिकरण का संदेश.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : February 25, 2026 at 9:07 PM IST
भोपाल: राजधानी के कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में बुधवार को आयोजित आजीविका विपणन क्षमतावर्धन कार्यशाला में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण को नई दिशा देने का संदेश दिया. सीएम ने अपने खास अंदाज में कहा कि 'जीजा जी ऐड़े-टेढ़े चले तो तुम तुम्हारी जानो, अपने बटुए में तो भगवान की दया है.' उनके इस कथन पर सभागार तालियों से गूंज उठा. हालांकि आगे सीएम ने स्पष्ट किया कि मैं भड़का नहीं रहा हूं. इसका उद्देश्य आपको अपने पैरों पर खड़ा रखना है.
महिलाओं से पूछा क्या कोई दारु पीता है?
सीएम मोहन यादव ने कहा कि "हमारी सरकार नारी सशक्तीकरण को बढ़ाने के लिए काफी काम कर रही है. लेकिन हमारे विरोधी कहते हैं कि ये क्यों कर रहे हो. कई बार वो गलत भी बोल देते हैं. कई बार कहते हैं कि आप इनको पैसा वाला बनाओगे तो ये दारु पीती हैं. आप बताओ इनको शर्म आना चाहिए. क्या कोई ऐसा करता है. मेरे को तो मालूम नहीं कहां की बात है. वो जो कह रहे अपने देश कि कह रहे या दूसरे देश की उनको खुद को पता नहीं है. लेकिन ये हल्की भाषा मुझे भी अपमानित करती है और अपनी बहनों के प्रति सम्मान में भी ठेस पहुंचाती है."
'बाप बड़ा न भैया, सबसे बड़ा रुपैया'
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि "दुनिया में 200 से अधिक देश हैं, लेकिन मातृ-सत्ता को नमन करने वाला देश केवल भारत है. जहां भारत माता की जय का उद्घोष होता है." उन्होंने दीपावली पर लक्ष्मी पूजन का उदाहरण देते हुए कहा कि "हमारे यहां समृद्धि का प्रतीक नारी ही है." सीएम के बाप बड़ा न भैया, सबसे बड़ा रुपैया कहते ही महिलाओं ने स्वर मिलाया तो मुख्यमंत्री ने मुस्कराते हुए कहा कि आप सबको इसकी अहमियत पता है.

12 लाख से अधिक महिलाएं बनी लखपति दीदी
सीएम मोहन यादव ने बताया कि "प्रदेश में 5 लाख से अधिक स्व-सहायता समूहों से जुड़ी 65 लाख से ज्यादा महिलाएं संगठित होकर आर्थिक मजबूती की ओर बढ़ रही हैं. इनमें से 12 लाख से अधिक बहनें लखपति दीदी बन चुकी हैं."
- मध्य प्रदेश में 5 साल तक चलेंगी पांच योजनाएं, मोहन यादव कैबिनेट का किसानों को गिफ्ट हैंपर
- मोहन यादव ने दी राहुल गांधी को सलाह, गलत बयानबाजी के लिए महाकाल से क्षमायाचना करें
अमेजान पर मिलेंगे स्व-सहायता समूहों के उत्पाद
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने सिंगल क्लिक से सामुदायिक प्रबंधित प्रशिक्षण केंद्र पोर्टल लान्च किया. आजीविका मार्ट-ग्वालियर, जबलपुर एयरपोर्ट रिटेल आउटलेट और होली मेलों का शुभारंभ भी किया. इसे साथ ही 5 आजीविका एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई, जो ग्रामीण उत्पादों को बाजार तक पहुंचाएगी. इस अवसर पर एमपी एसआरएलएम और इंडिया पोस्ट सहित विभिन्न संस्थाओं के साथ एमओयू का आदान-प्रदान भी हुआ. वहीं महिला स्वसहायता समूहों के उत्पाद ऑनलाइन उपलब्ध कराने के लिए अमेजान कंपनी के साथ अनुबंध भी किया गया.


