राज्यसभा जाएंगे पवन सिंह? नितिन नबीन से मुलाकात के बाद चर्चाओं का बाजार गर्म
राज्यसभा चुनाव को लेकर नेताओं की बेचैनी बढ़ी है. इसी बीच फिल्म स्टार पवन सिंह और नितिन नबीन के बीच मुलाकात हुई है. पढ़ें खबर

Published : February 26, 2026 at 9:03 PM IST
पटना : राज्यसभा चुनाव ने बिहार का सियासी पारा चढ़ा दिया है. लोकसभा चुनाव के दौरान कई नेताओं को आश्वासन दिए गए थे और उन नेताओं की उम्मीद अब अंगड़ाई लेने लगी है. भोजपुरी कलाकार पवन सिंह को लेकर अचानक राजनीतिक हलचल बढ़ गई है.
नितिन नबीन और पवन सिंह की मुलाकात : दरअसल, भाजपा के राष्ट्रीय अधय्क्ष नितिन नबीन और भोजपुरी अभिनेता-गायक पवन सिंह की दिल्ली में मुलाकात हुई है. मुलाकात वैसे समय में हुई है जब राज्यसभा की पांच सीटों के लिए चुनाव होने हैं. इस मुलाकात को आगामी चुनावी समीकरणों से जोड़कर भी देखा जा रहा है. सूत्रों के अनुसार, यह मुलाकात दिल्ली में एक निजी कार्यक्रम के दौरान हुई. हालांकि राजनीतिक हलकों में इसे महज शिष्टाचार भेंट मानने से इनकार किया जा रहा है.
''भोजपुरी बेल्ट में पवन सिंह की लोकप्रियता किसी से छिपी नहीं है. अगर वे सक्रिय राजनीति में बड़ी भूमिका निभाते हैं तो इसका असर शाहाबाद, सारण और सीमांचल क्षेत्र की सीटों पर पड़ सकता है. संभव है कि विधानसभा चुनाव के दौरान पवन सिंह को भाजपा नेताओं के द्वारा कुछ आश्वासन भी दिया गया होगा. राज्यसभा चुनाव से पवन सिंह को उम्मीद होगी कि उन्हें पार्टी सम्मान देगी.''- डॉ संजय कुमार, राजनीतिक विश्लेषक
पवन सिंह के गीत हुए थे चर्चित : पवन सिंह बिहार विधानसभा चुनाव के बीच दोबारा भाजपा में आए थे. चुनाव के दौरान पवन सिंह ने भाजपा के लिए काम भी किया था. उनके द्वारा गाए गए गीत 'जोड़ी मोदिया नीतीशवा के हिट होई' खूब चर्चा में आई थी. चुनाव के दौरान एनडीए के हर सभा में यह गीत बजाया जाता था.
काराकाट से निर्दलीय उम्मीदवार थे पवन सिंह : पवन सिंह पहले भी लोकसभा चुनाव के दौरान राजनीतिक चर्चाओं में रह चुके हैं. लोकसभा चुनाव के दौरान भाजपा ने पवन सिंह को टिकट नहीं दिया और उन्होंने बगावत कर दिया. पवन सिंह काराकाट लोकसभा सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़े और एनडीए को वहां नुकसान हुआ. काराकाट लोकसभा सीट महागठबंधन के खाते में चली गई. यही नहीं पूरे शाहाबाद पर इसका असर दिखा था.

राज्यसभा की पांच सीटों के लिए होने हैं चुनाव : दरअसल, बिहार कोटे से राज्यसभा की 5 सीटें 9 अप्रैल 2026 को खाली हो रही हैं. मतदान 16 मार्च को होना है. इसके लिए अधिसूचना आज जारी की गई है. वोटिंग सुबह 9 बजे शुरू होगी और शाम 4 बजे तक चलेगी.
ये भी पढ़ें :-
Explainer: 4 सीटों पर NDA की जीत पक्की, 5वीं के लिए असली फाइट! 'किंगमेकर' ओवैसी किसके साथ?
हेना शहाब के नाम पर भड़के AIMIM प्रदेश अध्यक्ष, कहा- राज्यसभा चुनाव में अपना प्रत्याशी उतारेंगे
शहाबुद्दीन की पत्नी को राज्यसभा भेजेगा RJD? AIMIM को घेरने के लिए लालू-तेजस्वी की रणनीति!

