ETV Bharat / state

भिवानी के टेनिस स्टार ने झटका गोल्ड मेडल, यौरव सहरावत ने नेशनल टेनिस चैंपियनशिप में मारी बाजी, माता-पिता को बेटे पर गर्व

भिवानी के टेनिस स्टार यौरव ने लगातार दूसरी बार नेशनल प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीतकर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है.

यौरव सहरावत ने दूसरी बार जीती नेशनल टेनिस चैंपियनशिप
यौरव सहरावत ने दूसरी बार जीती नेशनल टेनिस चैंपियनशिप (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : January 4, 2026 at 2:06 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

भिवानी: हरियाणा का भिवानी जिला खिलाड़ियों की खेल प्रतिभाओं के कारण मिनी क्यूबा और खेल नगरी के नाम से जाना जाता है. जिले की झोली में एक और सुनहरा तमगा जुड़ गया है.27 से 31 दिसंबर तक भुवनेश्वर में आयोजित राष्ट्रीय स्तर की टेनिस प्रतियोगिता में भिवानी के लाल ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है. ओडिशा में आयोजित 19वीं सब जूनियर नेशनल टेनिस चैंपियनशिप में भिवानी के गांव नाथुवास के युवा खिलाड़ी यौरव सहरावत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल हासिल किया है.

कोच को खिलाड़ी पर गर्व: यौरव की इस जीत से न केवल उनके गांव में बल्कि पूरी खेल नगरी में खुशी की लहर दौड़ गई है. यौरव की इस उपलब्धि पर उनके कोच विकास कुमार ने खुशी जाहिर करते हुए बताया कि "यौरव शुरू से ही खेल के प्रति समर्पित भाव से अभ्यास करता रहा है. यौरव एक बेहद होनहार और प्रतिभाशाली खिलाड़ी है. उसने इस मुकाम तक पहुंचने के लिए कड़ा अभ्यास किया है. अपनी मेहनत और अनुशासन के दम पर ही उसने अनेक राष्ट्रीय प्रतिस्पर्धाओं में जीत हासिल की है. यह गोल्ड मेडल खिलाड़ी की कड़ी तपस्या का प्रतीक है".

गर्व से चौड़ा हुआ माता-पिता का सीना: स्वर्ण विजेता यौरव के पिता सतीश कुमार और माता बाला देवी अपने बेटे की इस ऐतिहासिक जीत से गदगद हैं. उन्होंने कहा कि "उनके बेटे की इस उपलब्धि ने एक बार फिर से हमारा सीना गर्व से चौड़ा कर दिया है. खिलाड़ी के माता के लिए इससे बड़ा दिन कोई हो नहीं सकता, जब उसकी मेहनत को राष्ट्रीय मंच पर पहचान मिले. हम चाहते हैं कि यौरव इसी तरह आगे बढ़ता रहे और एक दिन ओलंपिक में देश का प्रतिनिधित्व करें".

होनहार खिलाड़ी हैं यौरव: जैसे ही यौरव के गोल्ड मेडल जीतने की खबर गांव में पहुंची तो इलाके में खुशी का माहौल बन गया है. यौरव के जीतने पर ग्रामीणों और युवाओं ने खुशी जताई है. बता दें कि बीते वर्ष लुधियाना में आयोजित 18वीं सब-जूनियर नेशनल टेनिस चैंपियनशिप में भी यौरव ने स्वर्ण पदक हासिल किया था. तथा इस वर्ष उन्होंने इसी चैंपियनशिप में लगातार दूसरी बार गोल्ड मेडल जीतकर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया है.

ये भी पढ़ें: नववर्ष पर स्टील मैन का खास मिशन, पहलवान बिजेंद्र सिंह ने भिवानी की सड़कों पर दिया नशा मुक्ति का संदेश

ये भी पढ़ें: पीएम मोदी की 'फिट इंडिया' मुहिम के ब्रांड एंबेसडर का जलवा, पर्वतारोही नरेंद्र कुमार ने माउंट एवरेस्ट बेस कैंप पर फहराया तिरंगा