भिवानी पुलिस ने चोरी की 5 वारदातों को सुलझाया, 2 आरोपी गिरफ्तार, 5 बाइक बरामद
चोरी और हत्या के प्रयास के 2 आरोपी को भिवानी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है.

Published : February 14, 2026 at 8:33 PM IST
भिवानी: पुलिस ने वाहन चोरी की वारदातों पर नकेल कसते हुए एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है. भिवानी के डिटेक्टिव स्टाफ लोहारू की टीम ने दो ऐसे शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है, जो नशे और अपने शौक पूरे करने के लिए शहर में मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे. आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई कुल 5 मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं.
चोरी की घटना रोकने के लिए चल रहा है विशेष अभियानः भिवानी के डीएसपी क्राइम अनूप कुमार ने शनिवार को भिवानी के सिटी थाना में आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि "पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार के आदेश पर जिले में चोरी की घटनाओं को रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है. इसी कड़ी में 12 फरवरी को तोशाम क्षेत्र से संदीप (निवासी जाटू लोहारी) को गिरफ्तार किया गया था. संदीप पर 14 जनवरी को सामान्य अस्पताल परिसर से मोटरसाइकिल चोरी करने का आरोप था." उन्होंने बताया कि "पूछताछ के लिए आरोपी को अदालत से रिमांड पर लिया गया, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर दूसरे आरोपी पीयूष (निवासी जाटू लोहारी) को भी बवानी खेड़ा क्षेत्र से दबोच लिया गया."
महंगे शौक और खर्चों को पूरा करने के लिए करता है अपराधः डीएसपी अनुप कुमार ने बताया कि "आरोपी संदीप एक पेशेवर अपराधी है. इसके खिलाफ पहले से हत्या का प्रयास, आर्म्स एक्ट और चोरी के 7 मामले दर्ज हैं. संदीप करीब एक महीने पहले ही जेल से बाहर आया था. वो नशे का आदी है और अपनी नशे की लत को पूरा करने के लिए जेल से छूटते ही दोबारा चोरी करने लगा. वहीं आरोपी पीयूष के खिलाफ भी चोरी के 2 मामले दर्ज हैं. पीयूष ने स्वीकार किया कि वो अपने महंगे शौक और खर्चों को पूरा करने के लिए इन वारदातों में शामिल हुआ."
दोनों आरोपी भेजे गए जेलः उन्होंने बताया कि "पुलिस टीम ने आरोपियों की निशानदेही पर शहर के अलग-अलग हिस्सों से चोरी की गई कुल 5 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं. इसके अलावा, एनडीपीएस एक्ट के एक पुराने मामले में मिली मोटरसाइकिल भी जांच के दौरान चोरी की पाई गई है." डीएसपी अनुप कुमार ने बताया कि "भिवानी पुलिस वाहन चोरी और अन्य अपराधों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है. आरोपियों को जेल भेज दिया गया है और हम अन्य वारदातों में भी इनकी संलिप्तता की जांच कर रहे हैं." उन्होंने साफ किया है कि इस तरह के अपराधियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी.

