हरियाणा बजट से भिवानी को लोगों को उम्मीद, किसान बोले- "खाद-बीज सस्ता हो", अध्यापक बोले- "शिक्षा-स्वास्थ्य बेहतर हो"
मुख्यमंत्री नायब सैनी बतौर वित्त मंत्री आज हरियाणा का बजट 2026 पेश करेंगे. इसे लेकर भिवानी के लोगों में काफी उम्मीदें हैं.

Published : March 2, 2026 at 10:26 AM IST
भिवानी: मुख्यमंत्री नायब सैनी बतौर वित्त मंत्री आज हरियाणा का बजट 2026 पेश करेंगे. हरियाणा बजट को लेकर आम जनता को काफी उम्मीदें हैं. भिवानी के किसान, व्यापारी, अध्यापक, पर्यावरणविद् और विभिन्न वर्गों से जुड़े बुद्धिजीवियों ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए बजट को प्रदेश की प्रगति वाला पेश किए जाने की उम्मीद की है.
किसान बोले- खाद-बीज पर राहत मिले: जाटू लोहारी गांव के किसान पुरूषोत्तम ने कहा कि उन्हें बजट से उम्मीद है कि किसानों के लिए खाद, बीज सस्ती हो तथा नहरी पानी की व्यवस्था के लिए बजट में प्रावधान किया जाए. इसके साथ ही बिजली की दरों को भी कम किया जाए. जिसके चलते किसान की लागत कम आए व मुनाफा बढ़ सकें.
व्यापारी बोले- 'सभी वर्गों के लिए हो बजट': व्यापारी धर्मेंद्र जिंदल ने कहा कि "जिस प्रकार से केंद्र सरकार वर्ष 2047 तक भारत को विकसित करना चाहती है, उसी प्रकार मुझे हरियाणा प्रदेश के बजट से भी उम्मीद है कि विकसित भारत की तर्ज पर हरियाणा का बजट पेश हो. प्रदेश के सभी वर्गो के लिए एक समावेशी बजट बने, ताकि प्रदेश का सर्वांगीण व चहुमुंखी विकास हो सकें."
गावों के विकास के लिए बजट में हो प्रावधान: प्रेमनगर गांव के सरपंच राजेश कुमार ने बताया कि उन्हें उम्मीद है कि ग्रामीण बजट को लेकर प्रदेश सरकार बेहतर कार्य बजट में करेगी. गांव के विकास के लिए गलियां, सड़क निर्माण के अलावा खेल स्टेडियम व खेल नर्सरियों की व्यवस्था भी बेहतर हो, ताकि गांव के लोगों को खेल क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर मिले.
शिक्षा और स्वास्थ्य पर जोर की उम्मीद: संदीप वधवा व अध्यापक रमेश बूरा ने बताया कि आज शिक्षा व स्वास्थ्य पर बजट खर्च करने की उम्मीद है. उन्हें बजट से उम्मीद है कि शिक्षा व स्वास्थ्य पर अच्छा बजट खर्च करेगी. शिक्षा व चिकित्सकों की भर्ती पर सरकार ध्यान दें, ताकि प्रदेश में शिक्षा व स्वास्थ्य का माहौल बेहतर बन सकें. इसके साथ ही भिवानी के नए बने मेडिकल कॉलेज में भी बेहतर व्यवस्था हो.
सरकार को पर्यावरण पर देना चाहिए ध्यान: भिवानी के पर्यावरण के क्षेत्र में बेहतरीन कार्य करने वाले पर्यावरणविद केके वर्मा ने बताया कि आज के समय में पर्यावण पर ध्यान देने की विशेष जरूरत है. जिस प्रकार से वायु गुणवत्ता मानकों में गिरावट आई है, उसके सुधार में भी बजट में प्रावधान हो. वन और हॉटिकल्चर विभाग को अच्छा बजट दिया जाए, ताकि पर्यावरण खराब होने से बच सकें, क्योंकि हम खराब वातावरण देकर आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित नहीं रख सकते. हमारी उन्नति का आधार पर्यावरण नहीं होना चाहिए, बल्कि पर्यावरण को संरक्षित करके उन्नति की तरफ बढ़ना चाहिए, तभी वास्तविक उन्नति कहलाएगी.

