ETV Bharat / state

भिवानी पहाड़ी माता मंदिर चोरी मामला: पूर्व सुपरवाइजर न्यायिक हिरासत में, नकदी-चांदी के बर्तन बरामद

भिवानी के पहाड़ी माता मंदिर आभूषण चोरी मामले में पूर्व सुपरवाइजर 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया.

PAHADI MATA TEMPLE THEFT CASE
भिवानी पहाड़ी माता मंदिर पूर्व सुपरवाइजर न्यायिक हिरासत में (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : July 1, 2026 at 1:35 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

भिवानी: जिले के लोहारू के गांव पहाड़ी स्थित पहाड़ी माता मंदिर के कथित आभूषण चोरी मामले में गिरफ्तार किए गए मंदिर के पूर्व सुपरवाइजर आशीष कुमार को तीन दिन के पुलिस रिमांड के बाद मंगलवार को कोर्ट में पेश किया गया. अदालत ने आरोपी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश दिए. पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े दस्तावेजों और बरामद सामान की गहन जांच अभी जारी है.

PAHADI MATA TEMPLE THEFT CASE
भिवानी पहाड़ी माता (ETV Bharat)

आरोपी की निशानदेही पर हुई बरामदगी: मामले में लोहारू थाना के जांच अधिकारी देवेंद्र कुमार ने बताया कि, "तीन दिन के पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी की निशानदेही पर गांव पहाड़ी के विभिन्न स्थानों पर जांच की गई. इस दौरान चांदी के कई बर्तन, मंदिर से जुड़ा अन्य सामान और करीब ढाई लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं. पूछताछ के दौरान कई महत्वपूर्ण जानकारियां भी पुलिस के हाथ लगी हैं, जिनके आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है."

PAHADI MATA TEMPLE THEFT CASE
भिवानी पहाड़ी माता मंदिर (ETV Bharat)

बिल और रिकॉर्ड की पड़ताल जारी: जांच अधिकारी ने आगे बताया कि, "मामले में आभूषणों के बिल, खरीद-फरोख्त से जुड़े दस्तावेज, टैक्स रिकॉर्ड और अन्य संबंधित सामग्री की जांच की जा रही है. पुलिस यह भी पता लगा रही है कि बरामद आभूषण और सामान का वास्तविक स्रोत क्या है तथा इस पूरे प्रकरण में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका रही है या नहीं. जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की स्पष्ट तस्वीर सामने आएगी."

भिवानी पहाड़ी माता मंदिर चोरी मामला (ETV Bharat)

शिकायत के बाद शुरू हुई कार्रवाई: पुलिस के अनुसार गांव पहाड़ी निवासी समाजसेवी नरेश कुमार की शिकायत पर उपायुक्त भिवानी द्वारा गठित जांच समिति ने मामले की जांच की थी. समिति की रिपोर्ट में सामने आई कमियों के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की. इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस रिमांड पर लिया गया और साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई की गई.

शिकायतकर्ता ने सुरक्षा की मांग की: वहीं, मामले में शिकायकर्ता समाजसेवी नरेश कुमार ने दावा करते हुए कहा कि, "शिकायत दर्ज कराने के बाद मुझे जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं. मैंने प्रशासन से सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है. पहले इस संबंध में लिखित शिकायत लोहारू एसडीएम को दी गई थी, जिसके बाद जांच समिति गठित हुई. समिति की जांच में अनियमितताएं मिलने पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई शुरू की. फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है."

ये भी पढ़ें: करनाल के खाटूश्याम मंदिर में चोरी, ताला तोड़कर दो दानपात्र ले उड़े नकाबपोश बदमाश, सीसीटीवी में कैद हुई चोरों की हरकत

ये भी पढ़ें: गुरुग्राम सेक्टर 46 हनुमान मंदिर में चोरी, कटर से दानपात्र का ताला काट लाखों रुपये ले उड़े चोर