ETV Bharat / state

भिवानी में साध्वी पर नाबालिग लड़की के अपहरण का आरोप, पिता बोले- '25 लाख की मांगी फिरौती'

भिवानी में 12वीं की छात्रा लापता हो गई. छात्रा के पिता ने साध्वी पर बहला-फुसलाकर ले जाने और 25 लाख फिरौती का आरोप लगाया है.

BHIWANI MINOR GIRL MISSING
खाना मांगने आई साध्वी पर नाबालिग को ले जाने का आरोप (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : May 23, 2026 at 10:25 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

भिवानी: 12वीं कक्षा की एक नाबालिग छात्रा के रहस्यमय तरीके से गायब होने का मामला सामने आया है. छात्रा के पिता ने एक महिला साध्वी पर बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का आरोप लगाया है. मामला शहर के नया बस स्टैंड क्षेत्र का है, जहां परिवार परचून की दुकान चलाता है. घटना के बाद परिवार में हड़कंप मचा हुआ है और पुलिस जांच में जुटी हुई है.

"खाना मांगने आई थी महिला": इस पूरे मामले में गांव खापड़वास निवासी बिजेंद्र सिंह ने बताया कि, "मेरा दुकान नया बस स्टैंड के सामने है. दुकान के ऊपर मेरा परिवार रहता है. वीरवार को एक महिला साध्वी के वेश में हमारी दुकान पर आई थी. उसने खाना खाने की बात कही. उसी दौरान मेरी 16 साल की बेटी भी वहां मौजूद थी. वो खाना मुझे देने आई थी. मैंने घर से आया खाना उस महिला को दे दिया. इसी बीच मैं पानी भरने के लिए चला गया. जब वापस लौटा तो मेरी बेटी और महिला दोनों वहां से गायब थीं."

भिवानी में 12वीं की छात्रा लापता हो गई (ETV Bharat)

"मेरी बेटी पर कुछ किया गया": बिजेंद्र सिंह ने आरोप लगाते हुए कहा कि, "महिला साध्वी ने मेरी बेटी को अपने प्रभाव में लेकर साथ ले गई. जब मैं वापस आया तो बेटी वहां नहीं थी. हमें शक है कि साध्वी ने उस पर कुछ करके उसे अपने साथ ले गई. हमने आसपास काफी तलाश की, लेकिन बेटी का कोई पता नहीं चला. इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी. पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है."

"वाट्सऐप कॉल पर मांगी फिरौती": बिजेंद्र सिंह ने आगे कहा कि, "बेटी गायब होने के कुछ घंटे बाद हमारे पास वाट्सऐप कॉल आई थी. कॉल करने वाले ने 25 लाख रुपए मांगे थे.हालांकि उसके बाद दोबारा कोई कॉल नहीं आई. हमारा परिवार लगातार बेटी की तलाश में जुटा हुआ है."

रोहतक में दिखने की भी मिली सूचना: बिजेंद्र सिंह ने बताया कि, "कुछ लोगों ने कहा कि हमारी बेटी रोहतक की तरफ एक बस में दिखाई दी थी." इसके बाद परिवार ने कई स्थानों पर तलाश की, लेकिन अभी तक छात्रा का पता नहीं चल पाया है. परिवार ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की है.

पुलिस बोली- "फिरौती कॉल झूठी, जांच जारी":वहीं, इस पूरे मामले में औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी देवेंद्र कुमार ने बताया कि, "पिता की शिकायत पर नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने का केस दर्ज किया गया है. जिस महिला साध्वी पर आरोप लगाए गए हैं, उसकी भूमिका की जांच की जा रही है. 25 लाख रुपए की फिरौती मांगने वाली कॉल प्रथम दृष्टया झूठी पाई गई है. पुलिस की सीआईए और अन्य टीमें छात्रा की तलाश में लगातार जुटी हुई हैं."

ये भी पढ़ें:अंबाला के पॉश इलाके में 2 सगी बहनों की संदिग्ध मौत, दुर्गंध उठने के बाद पड़ोसियों ने दी पुलिस को सूचना